अनियंत्रित कार भीड़ में घुसी, 9 लोग गंभीर घायल
चिक्कमगलूरु. आंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। जिले के बिलेकल्लु गांव में अनियंत्रित कार के भीड़ में घुसने से 7 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
जुलूस के दौरान हुआ हादसा
जुलूस के दौरान अचानक एक कार नियंत्रण खो बैठी और लोगों की भीड़ में घुसकर पलट गई। इस दुर्घटना में सान्वी (7) की मौके पर ही मौत हो गई। वह इंदावर गांव से अपने रिश्तेदारों के यहां आई थी और जुलूस में शामिल हुई थी।
9 लोग गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में निश्चिता (11), तृप्ति (11), तिम्मराजु (45), उषा (22), सृष्टि (18), नागराजु (28) और चेतन (16) समेत कुल 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से 8 घायलों को इलाज के लिए हासन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार चालक सुधाकर भी गंभीर रूप से घायल है।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मल्लेगौड़ा सरकारी अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान चालक को हासन ले जा रही एंबुलेंस को रोककर नाराजगी जताई गई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। त्योहार की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
पुलिस जांच जारी
यह मामला चिक्कमगलूरु ग्रामीण थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

