ग्राहकों में बढ़ी चिंता
अध्यक्ष, एजेंट और कर्मचारियों के बीच विवाद पुलिस तक पहुंचा
जमाकर्ताओं ने मांगा पैसा वापस
शहापुर (यादगीर). शहापुर स्थित हेमरेड्डी मल्लम्मा सौहार्द सहकारिता संघ (बैंक) में आंतरिक विवाद के चलते हडक़ंप मच गया है। बैंक अध्यक्ष बसनगौड़ा मरकल, पिग्मी एजेंट और कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया है, जिससे ग्राहकों में भय और असमंजस का माहौल बन गया है।
जमाकर्ताओं में बढ़ा अविश्वास
बैंक में जमा रखने वाले छोटे व्यापारियों और आम ग्राहकों ने अब अपनी राशि वापस मांगना शुरू कर दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता शरणुरेड्डी हत्तिगुडूर ने बताया कि लोगों का बैंक पर भरोसा कम होता जा रहा है और वे अन्य बैंकों का रुख कर रहे हैं।
एक ग्राहक ने आरोप लगाया कि हमने अधिक ब्याज के लालच में 45 लाख रुपए जमा किए थे, लेकिन अब बैंक कर्मचारी और प्रबंधन टालमटोल कर रहे हैं और पैसा वापस नहीं दे रहे हैं।
ग्राहकों की चेतावनी
अन्य जमाकर्ताओं ने भी आरोप लगाया कि उन्हें रोज नए बहाने बनाकर लौटाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पैसा वापस नहीं किया गया तो बैंक प्रबंधन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया जाएगा।
प्रबंधन पर उठे सवाल
किसान नेता शिवप्पा ने कहा कि बैंक में अनियमितताएं लंबे समय से चल रही हैं। हर साल ऑडिट होने के बावजूद प्रबंधन की चुप्पी संदेह पैदा करती है।
कोई लिखित शिकायत नहीं मिली
सहकारिता महासंघ के प्रबंध निदेशक शरणगौड़ा पाटील ने कहा कि अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट के आधार पर भी जांच शुरू की जाएगी।
जल्द ही जमा राशि वापस की जाएगी
बैंक के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर लिंदगल्ली ने सफाई देते हुए कहा कि हाल ही में ऑडिट प्रक्रिया चल रही है और खाते अस्थायी रूप से सीज किए गए हैं। ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है, जल्द ही उनकी जमा राशि वापस की जाएगी।
स्थिति पर नजर
बैंक में उत्पन्न इस विवाद ने क्षेत्र में वित्तीय असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। अब सभी की नजर जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

