बेमौसम बारिश से किसानों को झटका, केले की फसल बर्बादबेमौसम बारिश से बर्बाद केले की फसल।

विजयनगर में 8 लाख का नुकसान

बागलकोट में ओलावृष्टि से बदला मौसम

गर्मी से मिली राहत

हगरिबोम्मनहल्ली/बागलकोट. विजयनगर जिले के हगरिबोम्मनहल्ली तालुक के तंब्रहल्ली गांव में मंगलवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने एक किसान की मेहनत पर पानी फेर दिया। किसान प्रभुरेड्डी की दो एकड़ में लगी केले की पूरी फसल जमीन पर गिरकर नष्ट हो गई।

बताया गया कि खेत में करीब 2,400 केले के पौधे थे, जिनमें बड़े-बड़े घौद (गुच्छे) आ चुके थे और फसल कटाई के लिए तैयार थी। उगादी के बाद इसे बाजार में भेजने की योजना थी, लेकिन अचानक आई बारिश और तेज हवा से पूरी फसल तबाह हो गई। किसान ने करीब 8 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान जताया है। “हाथ में आया निवाला मुंह तक नहीं पहुंचा,” कहते हुए प्रभुरेड्डी ने अपनी पीड़ा व्यक्त की।

इधर, बागलकोट जिले में भी मंगलवार शाम तेज आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। शहर समेत गुलेदगुड्डा, कूडलसंगम, बादामी, केरूर और हल्लूर क्षेत्रों में ओले गिरे और तेज बारिश दर्ज की गई।

बादामी और आसपास के इलाकों में आधे घंटे से अधिक समय तक बारिश हुई, जिससे सडक़ों पर पानी बहने लगा और नालियां साफ हो गईं। आकाश से गिरते ओले देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए और बारिश में भीगते हुए खेलते दिखे।

हालांकि, इस बारिश से जहां एक ओर भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली, वहीं किसानों के लिए यह दोहरी स्थिति लेकर आई है। एक ओर कुछ फसलों को नुकसान हुआ है, तो दूसरी ओर खेत की जुताई और बुवाई की तैयारी के लिए यह बारिश उपयोगी भी साबित हो सकती है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *