हुब्बल्ली-धारवाड़ में 10 मार्च से अभियान शुरू
14-15 वर्ष की 20 हजार से अधिक बालिकाओं को मिलेगा लाभ
हुब्बल्ली. देश में महिलाओं को प्रभावित करने वाले कैंसरों में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर दूसरे स्थान पर है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए प्रभावी मानी जाने वाली एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन अब सरकार द्वारा मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है। हुब्बल्ली-धारवाड़ जिले में यह अभियान 10 मार्च से शुरू हो चुका है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है। जिले में इस आयु वर्ग की 20 हजार से अधिक बालिकाओं का अनुमान है। पहले चरण में 20,500 डोज उपलब्ध कराए गए हैं और प्रत्येक बालिका को एक ही डोज देने का निर्देश जारी किया गया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एम. होनकेरी ने कहा कि जिला अस्पताल, तालुक अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह वैक्सीन उपलब्ध है। नर्सिंग स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और अन्य टीकों की तरह ही यह टीकाकरण किया जा रहा है। स्कूलों में भी छात्राओं को इसके बारे में जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बालिकाएं अपने माता-पिता की अनुमति लेकर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच सरकारी अस्पतालों में जाकर टीका लगवा सकती हैं। टीकाकरण के बाद एहतियात के तौर पर कुछ समय तक वहीं रुकने की सलाह दी जाती है।
स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण का रिकॉर्ड पोर्टल पर दर्ज कर रहा है, जबकि फिलहाल प्रमाण पत्र हस्तलिखित रूप में दिए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि निजी अस्पतालों में यह वैक्सीन पहले से उपलब्ध है, लेकिन इसकी लागत अधिक होने के कारण सभी के लिए सुलभ नहीं थी। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने देशभर में मुफ्त टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम करना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सभी अभिभावक अपनी बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं, ताकि गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

