होसदुर्ग में एनएस-173 कार्य में लापरवाही
अंधेरे और अव्यवस्था से जनता त्रस्त
स्थानीय लोगों में बढ़ता आक्रोश
होसदुर्ग (चित्रदुर्ग). शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-173 के निर्माण कार्य में भारी लापरवाही सामने आई है, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अवैज्ञानिक तरीके से हो रहे कार्य के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय निवासियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
नाले बने शोपीस, पानी सडक़ों पर
तरीकेरे रोड और पुराने कोर्ट के सामने बनाए गए बॉक्स ड्रेनेज देखने में आकर्षक जरूर हैं, लेकिन उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। बारिश के दौरान पानी नालों में जाने के बजाय सडक़ों पर ही बहता है। कई जगह स्लैब टूट चुके हैं, जिससे राहगीरों को खतरा बना हुआ है।
दो साल से अंधेरे में आंबेडकर सर्कल
आंबेडकर सर्कल पर हाईमास्ट लाइट हटाए हुए दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक नई व्यवस्था नहीं की गई। परिणामस्वरूप पूरा क्षेत्र रात में अंधेरे में डूबा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं और असुरक्षा की आशंका बढ़ गई है।
अधूरी सडक़ और डिवाइडर बना खतरा
बोकीकेरे रोड से यालकप्पनहट्टी तक बनाए गए डिवाइडर में मिट्टी भराई अधूरी छोड़ दी गई है। बीच सडक़ में केबल डालने के लिए खुदाई कर उसे महीनों से खुला छोड़ दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है।
स्ट्रीट लाइटें सिर्फ दिखावे की
शहर की मुख्य सडक़ों पर लगाए गए आकर्षक बिजली खंभे दिन में तो सुंदर दिखते हैं, लेकिन रात में अधिकांश लाइटें जलती ही नहीं हैं। कोर्ट परिसर, आंबेडकर सर्कल और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी यही स्थिति है।
अस्पताल क्षेत्र में भी बदहाल स्थिति
सार्वजनिक अस्पताल के बाहर भी पर्याप्त रोशनी और जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। अंधेरे के कारण मरीजों और उनके परिजनों को शाम होते ही बाहर निकलने में डर लगता है।
लोगों का फूटा गुस्सा
स्थानीय निवासी दलवाई वेंकटेश का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं, सौम्या मदन के अनुसार, बढ़ते व्यापार और आवाजाही के बीच अंधेरा और अव्यवस्था लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

