पिछले वर्ष से प्रदर्शन बेहतर, लेकिन रैंकिंग में 7 स्थान की गिरावट
विभिन्न संकायों में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
हुब्बल्ली. द्वितीय पीयू (प्री-यूनिवर्सिटी) परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही धारवाड़ जिले ने इस वर्ष 83.31 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया है। इसके साथ ही जिले को राज्य में 23वां स्थान प्राप्त हुआ है। हालांकि, पिछले वर्ष 72.32 प्रतिशत परिणाम के साथ 17वां स्थान हासिल करने के मुकाबले इस बार रैंकिंग में 7 स्थान की गिरावट दर्ज की गई है।
24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
जिले में इस बार कुल 24,348 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 20,288 विद्यार्थी सफल घोषित हुए हैं। परिणाम में प्रतिशत वृद्धि के बावजूद राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा बढऩे के कारण रैंकिंग प्रभावित हुई है।
विभिन्न संकायों में टॉपर्स का शानदार प्रदर्शन
विज्ञान संकाय में प्रेरणा कॉलेज की छात्रा चैत्रा प्रकाश रेड्डेर ने 596 अंक (99.33 प्रतिशत) प्राप्त कर जिले में सर्वोच्च स्थान हासिल किया।
वाणिज्य संकाय में हुब्बल्ली की फातिमा कॉलेज की ऐनाज बेगम अधोनी, केएलई कॉलेज की हर्षिता एस तथा जेजे कॉलेज की दिव्या ने 594 अंक (99 प्रतिशत) प्राप्त कर संयुक्त रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कला संकाय में धारवाड़ के केसीडी कॉलेज के छात्र लालय्या गुत्तेदार ने 592 अंक (98.66 प्रतिशत) हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
शिक्षा क्षेत्र में उत्साह का माहौल
परिणाम घोषित होते ही जिलेभर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच खुशी का माहौल देखा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि आने वाले वर्षों में जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि धारवाड़ राज्य में बेहतर स्थान प्राप्त कर सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

