राष्ट्रीय स्तर का तकनीकी-सांस्कृतिक महोत्सव
1000 से अधिक छात्र लेंगे भाग
70 से ज्यादा कार्यक्रमों से सजेगा दो दिवसीय आयोजन
धारवाड़. एसडीएम इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी महाविद्यालय की ओर से 17 और 18 अप्रेल को दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का तकनीकी-सांस्कृतिक महोत्सव “इंसिग्निया-2026” आयोजित किया गया है। इस महोत्सव के 15वें संस्करण में देशभर से 1000 से अधिक छात्रों के भाग लेने की उम्मीद है।
तकनीकी प्रतिभा और नवाचार का मंच
इस बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश एल. चक्रसाली ने कहा कि इस आयोजन में 70 से अधिक विविध कार्यक्रम शामिल होंगे, जिनमें 35 से ज्यादा तकनीकी प्रतियोगिताएं जैसे पेपर प्रेजेंटेशन, क्विज और विभिन्न इंजीनियरिंग व बेसिक साइंस से जुड़े इवेंट्स प्रमुख हैं। इसके साथ ही मैनेजमेंट विभाग की ओर से वास्तविक व्यावसायिक परिदृश्यों पर आधारित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
रोजगार में भी अग्रणी संस्थान
उन्होंने कहा कि संस्थान ने इस वर्ष अब तक 75 से अधिक कंपनियों के माध्यम से 500 से ज्यादा प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त किए हैं। प्रतिभाशाली छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क रियायतें भी प्रदान की जा रही हैं।
सांस्कृतिक रंगों की झलक
चक्रसाली ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पूर्वी और पश्चिमी नृत्य, संगीत, नाट्य प्रस्तुति, साहित्यिक गतिविधियां और ललित कला के आयोजन शामिल होंगे, जो छात्रों की रचनात्मकता को मंच प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्घाटन 17 अप्रेल को सुबह 9.30 बजे जीवनधर कुमार द्वारा किया जाएगा। वहीं 18 अप्रेल को शाम 7.30 बजे कॉलेज के खेल मैदान में बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका हंसिका पारीक का लाइव कॉन्सर्ट आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
रक्तदान शिविर
चक्रसाली ने कहा कि महोत्सव के तहत ऑटो एक्सपो के साथ-साथ एसडीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सहयोग से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है।
डॉ. चक्रसाली ने कहा कि यह महोत्सव छात्रों को तकनीकी ज्ञान और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का समग्र मंच प्रदान करता है।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. जेवी. वडवी और मुख्य संयोजक प्रो. सतीश के.ए. ने कहा कि इस आयोजन से छात्रों में नवाचार, नेतृत्व और टीमवर्क की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
संवाददाता सम्मेलन में मुख्य संचालक प्रो. सतीश के.ए., डॉ. केशव जोशी, डॉ. जगदीश पूजारी, डॉ. सतीश भैरन्नवर, डॉ. स्मितेश पत्रावली, डॉ. एसएस. केरूर, डॉ. एसबी. कुलकर्णी, डॉ. विजय सी, एसडीएमई सोसायटी के सचिव जीवंधर कुमार, प्रो. सुनील होन्नुंगार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा छात्र स्वयंसेवक उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

