डणापुर के पास एनएच-50 पर ट्रक ने कार, बस और बाइकों को मारी टक्कर
कई घायल, स्थिति गंभीर
विजयनगर (होसपेट). जिले के मरियम्मनहल्ली के समीप डणापुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 50 पर रविवार को हुए भीषण श्रृंखलाबद्ध सडक़ हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बेकाबू ट्रक बना हादसे की वजह
हरियाणा पंजीकरण वाला लहसुन से भरा एक ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा। ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी, फिर तीन बाइकों को अपनी चपेट में लिया और अंत में एक सरकारी बस के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार के ऊपर पलट गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
25 से अधिक यात्री घायल
हादसे के समय बस होसपेट से चित्रदुर्ग की ओर जा रही थी। बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत होसपेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका है।
निर्माण कार्य के कारण बढ़ा जोखिम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के स्थान पर पुल निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके चलते सडक़ के एक ही हिस्से से वाहनों की आवाजाही हो रही थी। इसी कारण ट्रैफिक दबाव बढ़ गया और ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई।
मौके पर पहुंचा पुलिस और बचाव दल
घटना के बाद राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक एस. जाह्नवी ने मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकता राहत कार्य को दी गई है। घायलों का इलाज जारी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

