भारत-नेपाल सीमा पर नए कस्टम नियम के खिलाफ विरोध
दैनिक जरूरत की वस्तुओं पर शुल्क से नाराज लोग
सरकार पर बढ़ा दबाव
काठमांडू/बीरगंज. नेपाल सरकार द्वारा लागू किए गए नए कस्टम नियम के खिलाफ बीरगंज सहित भारत-नेपाल सीमा के कई इलाकों में भारी विरोध देखने को मिल रहा है। भारत से आने वाले सामान पर अनिवार्य सीमा शुल्क लगाए जाने के फैसले से स्थानीय लोग और व्यापारी आक्रोशित हैं।
100 नेपाली रुपए से अधिक सामान पर शुल्क अनिवार्य
नए नियम के तहत अब भारत से नेपाल लाए जाने वाले 100 नेपाली रुपए से अधिक मूल्य के किसी भी सामान पर ‘भन्सार’ (कस्टम ड्यूटी) देना अनिवार्य कर दिया गया है। इससे पहले छोटे स्तर के घरेलू उपयोग के सामान को इस शुल्क से छूट दी जाती थी।
दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी महंगी
इस फैसले का असर दाल, खाद्य तेल, चीनी और सब्जियों जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं पर भी पड़ रहा है। इन पर 5 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक कस्टम शुल्क लगने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बीरगंज में सडक़ों पर उतरे लोग
बीरगंज में बड़ी संख्या में लोगों ने सडक़ों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा क्षेत्र के अधिकांश लोग अपनी दैनिक जरूरतों के लिए भारत पर निर्भर हैं, ऐसे में यह नियम उनके लिए भारी आर्थिक बोझ बन गया है।
व्यापार पर पड़ेगा असर
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि इस निर्णय से सीमावर्ती व्यापार प्रभावित होगा और छोटे कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने सरकार से इस नियम को वापस लेने या इसमें राहत देने की मांग की है।
निर्यात पर राहत, आयात पर सख्ती
दिलचस्प बात यह है कि नेपाल से भारत को निर्यात होने वाले कुछ उत्पादों—जैसे सोयाबीन तेल पर अब भी शुल्क में छूट जारी है। इससे जहां निर्यात को बढ़ावा मिल सकता है, वहीं आयात पर सख्ती से स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
सरकार का तर्क और आगे की राह
सरकार का कहना है कि यह कदम सीमा व्यापार को नियंत्रित करने और घरेलू बाजार को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। हालांकि बढ़ते विरोध के बीच आने वाले दिनों में नियमों में ढील देने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सीमा क्षेत्र में जारी विरोध से स्पष्ट है कि यह मुद्दा आने वाले समय में नेपाल की नीति और राजनीति दोनों पर असर डाल सकता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
