बाल विवाह पर पुलिस की सख्ती
पिता के खिलाफ मामला दर्ज
बेलगावी. कर्नाटक के बेलगावी शहर में पुलिस की सतर्कता से एक बाल विवाह होने से बच गया। वंटमुरी कॉलोनी में शादी की तैयारियों के बीच ‘अक्का पेट्रोलिंग टीम’ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय नाबालिग लडक़ी की शादी रुकवा दी और उसे सुरक्षित बचा लिया।
पेट्रोलिंग के दौरान हुआ खुलासा
घटना 20 अप्रेल की है, जब पुलिस की अक्का टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान एक घर के सामने शादी का मंडप लगा देखा गया। संदेह होने पर पुलिस ने पूछताछ की, तो पता चला कि 21 अप्रेल को नाबालिग लडक़ी की शादी महाराष्ट्र के पुणे निवासी युवक से कराई जाने वाली थी।
दस्तावेज जांच में सामने आई सच्चाई
पुलिस ने लडक़ी के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की जांच की, जिसमें उसकी उम्र मात्र 17 वर्ष 4 माह पाई गई। इसके बाद तुरंत मामले की जानकारी महिला पुलिस थाने को दी गई।
संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई
महिला पुलिस निरीक्षक दिलीप पी. निम्बालकर के मार्गदर्शन में अक्का टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन और मालमारुति पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने शादी को तुरंत रुकवाया और किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया।
पिता के खिलाफ केस दर्ज
नाबालिग की शादी कराने की कोशिश करने के आरोप में लडक़ी के पिता के खिलाफ बेलगावी महिला पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। समाज से भी अपील की गई है कि इस तरह की घटनाओं की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते बच्चों के अधिकारों की रक्षा की जा सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
