पहली मंजिल को बनाया निशाना, एफएसएल जांच शुरू
हमले के पीछे कारणों की पड़ताल
बेलगावी. शांत माने जाने वाले बेलगावी जिले में आधी रात हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी। अज्ञात हमलावरों ने वरिष्ठ वकील पूजा काकतकर के घर को निशाना बनाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
रात 1 से 2 बजे के बीच हमला
पुलिस के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। हमलावरों ने घर की पहली मंजिल पर फायरिंग की, जिससे खिडक़ी के शीशे पर गोली लगने के निशान पाए गए हैं।
बाल-बाल बची जान
घटना के समय घर की पहली मंजिल पर वकील की बेटी संस्कृति पढ़ाई कर रही थीं। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन हादसे ने परिवार को हिला कर रख दिया है।
पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। गोली के निशान वाले कांच के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
जांच के कई एंगल
पुलिस इस मामले की जांच कई पहलुओं से कर रही है।क्या यह हमला व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा है?
क्या वकालत से जुड़े किसी पुराने केस का असर है?
या फिर डराने-धमकाने के उद्देश्य से यह वारदात की गई?
सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन
पुलिस ने पूजा काकतकर को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
कानूनी क्षेत्र में चिंता
इस घटना के बाद बेलगावी के कानूनी समुदाय में चिंता का माहौल है। वकीलों ने इस तरह की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि कानून व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

