150 से अधिक बिजली खंभे क्षतिग्रस्त, मरम्मत कार्य में जुटे कर्मचारी
पुत्तूर (दक्षिण कन्नड़). पिछले तीन दिनों से जारी तेज हवा और बारिश के कारण पुत्तूर क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को मुख्य विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
यह जानकारी विधायक अशोक कुमार राय ने अपने कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान दी। बैठक में मेस्कॉम अधिकारियों के साथ बिजली आपूर्ति बहाल करने और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई।
विधायक ने कहा कि बलनाडु, बेरिके, जिडेकल्लु, बप्पलिगे, साल्मरा और जैनरगुरी सहित कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश से भारी नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार 150 से 200 बिजली खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से लगातार मेस्कॉम अधिकारियों के संपर्क में रहकर मरम्मत कार्यों की निगरानी की जा रही है। करीब 180 कर्मचारी तीन अलग-अलग सेक्शन में दिन-रात काम कर रहे हैं ताकि जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य की जा सके।
अशोक कुमार राय ने कहा कि बिजली बाधित होने से पेयजल सहित अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। भविष्य में ऐसी समस्याओं से निपटने के लिए स्थायी उपायों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई है।
बैठक में अक्रम-सक्रम समिति सदस्य मोहम्मद बदगन्नूर, कृष्णप्रसाद आल्वा, पद्मनाभ पूजारी, पुत्तूर मेस्कॉम के कार्यकारी अभियंता रामचंद्र तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बेल्तंगडी में मेस्कॉम को 70 लाख से अधिक का नुकसान
बेल्तंगडी तालुक में भी प्री-मानसून बारिश और तेज हवाओं से भारी नुकसान हुआ है। सैकड़ों बिजली खंभे गिरने से मेस्कॉम को 70 लाख रुपए से अधिक की क्षति होने का अनुमान है।
बेल्तंगडी उपविभाग के 61 गांवों में 42 हाईटेंशन और 102 लो टेंशन बिजली खंभे टूट गए, जिससे करीब 23.70 लाख रुपए का नुकसान हुआ। वहीं उजिरे उपविभाग में 59 हाईटेंशन और 218 लो टेंशन खंभे गिरने से लगभग 44.50 लाख रुपए की क्षति हुई है।
इसके अलावा बिजली तार टूटने, ट्रांसफार्मर और संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। विभाग ने बारिश और मानसून से पहले की तैयारियों के तहत गैंगमैन नियुक्त किए हैं, जो बिजली कर्मियों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने और बिजली लाइनों के पास पेड़ों की शाखाएं हटाने का कार्य कर रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

