कलमक्की हिनारी गांव में बड़ा हादसा टला
परिवार ने भागकर बचाई जान
चिक्कमगलूरु. जिले के मलेनाडु क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कळसा तालुक के कलमक्की हिनारी गांव में तेज हवा और बारिश के बीच एक विशाल पेड़ मकान पर गिर पड़ा, जिससे घर की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
यह मकान वंजाक्षी नामक महिला का बताया गया है। घटना उस समय हुई जब रात में परिवार के सभी सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। तेज बारिश और हवा के कारण घर के पास खड़ा विशाल पेड़ अचानक मकान की छत पर गिर गया।
पेड़ गिरते ही परिवार के लोग तुरंत बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि पेड़ के भारी दबाव से घर की टाइल वाली छत पूरी तरह टूट गई और घरेलू उपयोग का काफी सामान भी नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम पंचायत अधिकारी और सदस्य मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त परिवार को तत्काल मुआवजा और राहत सहायता देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मलेनाडु क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही है। प्रशासन ने भी पुराने और बड़े पेड़ों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

