पूर्व मंत्री एम.पी. रेणुकाचार्य बोले- निर्णय वापस लें, नहीं तो होगा आंदोलन
दावणगेरे. होन्नाली तालुक के सुंकदकट्टे क्षेत्र स्थित मल्लदेवरकट्टे गोमाल (गोचर) भूमि पर आवासीय प्लॉट विकसित करने की योजना का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। पूर्व मंत्री एम.पी. रेणुकाचार्य ने भी इस निर्णय को वापस लेने की मांग की है।
ग्रामीणों के साथ गोमाल क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे रेणुकाचार्य ने वहां की प्राकृतिक स्थिति, तालाब क्षेत्र और पेड़-पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 में उन्होंने ही तालुक पंचायत क्षेत्र के भूमिहीन लोगों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने के लिए 30 एकड़ गोमाल भूमि मंजूर कराई थी तथा विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपए की निधि भी स्वीकृत कराई थी।
उन्होंने कहा कि बाद में ग्रामीणों ने इस भूमि को पशुओं के चरागाह, पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीव-पक्षियों के लिए आवश्यक बताते हुए इसका विरोध किया। इसके बाद उन्होंने स्वयं जिला प्रशासन को पत्र लिखकर मंजूरी आदेश रद्द करने की मांग की थी।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह राजस्व विभाग, वन विभाग और नगर निकाय अधिकारियों द्वारा गोमाल क्षेत्र में पेड़ों और वनस्पतियों का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सर्वे प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो ग्रामीण पशुओं के साथ तालुक कार्यालय का घेराव करेंगे और वहीं धरना-प्रदर्शन करेंगे।
गांव के नेता एस.के. नरसिंहमूर्ति ने कहा कि ग्रामीण पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन देकर मंजूरी रद्द करने की मांग कर चुके हैं। प्रशासन ने उस समय उनकी मांग स्वीकार की थी, लेकिन अब अचानक सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसका ग्रामीण विरोध करेंगे। जरूरत पडऩे पर कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी।
इस दौरान ग्राम पंचायत के पूर्व अध्यक्ष एस.आर. मंजुनाथ, किसान नेता करिबसप्पा, एस.के. करियप्पा, शांतराज, मंजप्पा, शांतम्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

