झाडिय़ों, प्लास्टिक कचरे और गाद से बंद हुए जलनिकासी मार्ग
लोगों ने उठाई त्वरित कार्रवाई की मांग
उप्पिनंगडी (दक्षिण कन्नड़). कडबा कस्बे में बरसात से पहले ही खराब जलनिकासी व्यवस्था लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है। बाजार क्षेत्र की नालियां झाडिय़ों, गंदगी और कचरे से भर गई हैं, जिससे वर्षा जल की निकासी बाधित हो रही है और बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
कस्बे की नालियों से बहने वाला बारिश का पानी कडबा बैलु क्षेत्र की ओर जाने वाले जलमार्गों में पहुंचता है, लेकिन वहां प्लास्टिक कचरा, झाडिय़ां और गाद जमा होने से पानी का प्रवाह रुक गया है। कई स्थानों पर कॉलोनियों का गंदा पानी भी जमा होकर दुर्गंध फैला रहा है।
नालियों में ही बिछी पेयजल पाइपलाइन
स्थानीय लोगों के अनुसार कस्बे के कुछ हिस्सों में पेयजल पाइपलाइन नालियों के भीतर से गुजर रही है। इन पाइपों में प्लास्टिक कचरा फंसने से पानी की निकासी और अधिक प्रभावित हो रही है।
अड्डागद्दे, कॉलेज रोड और पंज रोड क्षेत्रों में भी पर्याप्त नालियों का अभाव है, जिसके कारण बारिश का पानी सीधे सडक़ों पर बह रहा है। कई जगह दुकानों और मकानों के सामने बनी नालियां ढंक दिए जाने से जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।
भविष्य में बड़ी समस्या बन सकती है
सामाजिक कार्यकर्ता नारायण पूजारी कोडिंबाळ ने कहा कि तालुक मुख्यालय होने के बावजूद कडबा में समुचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यापक जलनिकासी योजना नहीं बनाई गई तो आने वाले दिनों में यह गंभीर समस्या का रूप ले सकती है। उन्होंने नगर पंचायत से तत्काल कदम उठाने की मांग की।
नगर पंचायत ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
कडबा नगर पंचायत की अध्यक्ष तमन्ना जबीन ने कहा कि नालियों की सफाई और गाद हटाने के लिए जल्द कार्रवाई की जाएगी। भविष्य में उपलब्ध अनुदान के आधार पर समग्र जलनिकासी व्यवस्था के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

