वर्षों से इंतजार कर रहे गरीब परिवारों को राहत
4 हजार से अधिक नए कार्ड जारी
हावेरी. जिले में नए बीपीएल राशन कार्ड का इंतजार कर रहे हजारों गरीब परिवारों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने बीपीएल कार्ड वितरण प्रक्रिया में तेजी लाते हुए इस वर्ष अब तक 4 हजार से अधिक नए राशन कार्ड जारी किए हैं।
सरकारी राशन के साथ-साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बीपीएल कार्ड अनिवार्य होने से इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवार वर्षों से आवेदन देकर प्रतीक्षा कर रहे थे। इसे देखते हुए विभाग ने आवेदनों की जांच प्रक्रिया तेज कर पात्र परिवारों को कार्ड जारी करना शुरू किया है।
9,789 आवेदन, 4,663 स्वीकृत
विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 के अंत तक जिले में नए बीपीएल कार्ड के लिए 9,789 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 9 अप्रेल 2026 तक 4,663 आवेदनों को मंजूरी देकर कार्ड वितरित किए गए हैं। वहीं 2,783 आवेदन अपात्र पाए जाने के कारण खारिज कर दिए गए, जबकि 2,343 आवेदन अभी भी जांच प्रक्रिया में लंबित हैं।
सख्त जांच के बाद मंजूरी
खाद्य विभाग ने बीपीएल कार्ड मंजूरी के लिए कड़े मानदंड अपनाए हैं। परिवार की आय, संपत्ति, सरकारी नौकरी, कर भुगतान समेत कई बिंदुओं की जांच के बाद ही पात्रता तय की जा रही है।
जांच के दौरान दो हजार से अधिक आवेदन अपात्र पाए गए। विभागीय सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों ने गलत जानकारी देकर कार्ड प्राप्त करने का प्रयास भी किया था। इसी कारण दस्तावेजों और डाटा सत्यापन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों में अधिक मांग
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बीपीएल कार्ड की मांग सबसे ज्यादा देखी जा रही है। अन्नभाग्य योजना समेत कई सरकारी सुविधाएं राशन कार्ड से जुड़ी होने के कारण नए आवेदन तेजी से बढ़े हैं।
परिवारों के विभाजन, नई शादियों और अलग निवास जैसी परिस्थितियों के कारण भी नए कार्डों की मांग बढ़ी है। कई परिवार एपीएल से बीपीएल श्रेणी में बदलाव के लिए भी आवेदन कर रहे हैं।
अपात्र लोगों को चेतावनी
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने चेतावनी दी है कि अपात्र लोग गलत दस्तावेज देकर बीपीएल कार्ड हासिल करने की कोशिश न करें। फर्जी जानकारी मिलने पर कार्ड रद्द करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। विभाग का कहना है कि पात्र लाभार्थियों तक ही सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पारदर्शी व्यवस्था अपनाई जा रही है।
लोगों की मांग
जिन परिवारों को नए कार्ड मिले हैं, उनमें खुशी का माहौल है। वहीं लंबित आवेदनों की जल्द जांच कर मंजूरी देने की मांग भी उठ रही है। बड़ी संख्या में लोग अपने आवेदन की स्थिति जानने खाद्य विभाग कार्यालय पहुंच रहे हैं।
कुछ आवेदन अभी जांच के चरण में
जिले में प्राप्त आवेदनों की जांच कर पात्र लोगों को बीपीएल कार्ड दिए गए हैं, जबकि अपात्र आवेदनों को निरस्त किया गया है। कुछ आवेदन अभी जांच के चरण में हैं।
–डी.जे. मंजुनाथ, उपनिदेशक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग
प्रमुख आंकड़े
कुल आवेदन – 9,789
स्वीकृत आवेदन – 4,663
खारिज आवेदन – 2,783
लंबित आवेदन – 2,343
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
