हुब्बल्ली में जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन, पात्र स्नातक और डिप्लोमाधारियों से योजना का लाभ उठाने की अपील
हुब्बल्ली. युवाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने और उन्हें रोजगार की दिशा में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कर्नाटक सरकार की महत्वाकांक्षी युवा निधि योजना को लेकर हुब्बल्ली में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि धारवाड़ जिले में अब तक 13 हजार से अधिक बेरोजगार युवक-युवतियां इस योजना के लिए पंजीकरण कराकर इसका लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
रोजगार विनिमय केंद्र और हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर जिला गारंटी योजनाओं की क्रियान्वयन समिति के संयुक्त तत्वावधान में शहर के एस.जे.एम.वी.एस. महिला महाविद्यालय में आयोजित युवा निधि जागरूकता कार्यक्रम का उद्घाटन हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर जिला गारंटी योजनाओं की क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रजत उल्लागड्डिमठ ने किया। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए योजना के उद्देश्य, पात्रता और युवाओं के लिए इसके महत्व की जानकारी दी।
बेरोजगार युवाओं के आत्मविश्वास को मजबूत कर रही युवा निधि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष रजत उल्लागड्डिमठ ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा निधि योजना लागू की है। यह योजना बेरोजगार स्नातकों और डिप्लोमाधारियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके भीतर आत्मविश्वास पैदा करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि धारवाड़ जिले में 13 हजार से अधिक पात्र युवक-युवतियां इस योजना के लिए पंजीकरण करा चुके हैं और इसका लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं से योजना में पंजीकरण कराने तथा उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग करने की अपील की।
शिक्षा के बाद आर्थिक सहारा, रोजगार की तैयारी का अवसर
अध्यक्ष ने कहा कि पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए आर्थिक सहायता काफी महत्वपूर्ण होती है। युवा निधि योजना ऐसे युवाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य की योजनाएं बनाने और रोजगार के अवसर तलाशने में मदद कर रही है। उन्होंने छात्राओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने, अपनी योग्यता और कौशल को विकसित करने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र के अध्यक्ष रशीद बोलाबाई, महानगर निगम के क्षेत्रीय अधिकारी विनायक मरेयल्लवर, महाविद्यालय की प्राचार्या सिसिला डीक्रूज, रोजगार विनिमय केंद्र के अधिकारी एम.एम. कुरुगुंद एवं नागराज बडिगेरी, गारंटी योजनाओं की क्रियान्वयन समिति के सम्मानित सदस्य, महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को युवा निधि योजना के प्रति जागरूक करने और पात्र युवाओं तक सरकारी सहायता का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

