‘शिवम एसोसिएट्स’ पर 35 हजार लोगों से ठगी का आरोप
मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार
बेलगावी. आरबीआई दिशा-निर्देशों का उल्लंघन कर ‘शिवम एसोसिएट्स’ के नाम पर करीब 35 हजार लोगों से 500 करोड़ रुपए से अधिक की जमा राशि एकत्र कर कथित ठगी करने के मामले में अब सीआईडी जांच आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है।
घोटाले की गंभीरता और इसके अंतरराज्यीय दायरे को देखते हुए जिला प्रशासन की सिफारिश पर राज्य सरकार ने मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी थी। इसके बाद सीआईडी अधिकारियों की टीम बेलगावी पहुंची और स्थानीय पुलिस से केस फाइल तथा संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।
भारी ब्याज का लालच देकर जमा कराए पैसे
आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति के संस्था ने लोगों को हर महीने 3 प्रतिशत तक भारी ब्याज का लालच दिया। इसके चलते कई लोगों ने अपनी पेंशन की राशि और जमीन बेचकर प्राप्त धन भी इसमें जमा कर दिया।
मामले में संस्था के मालिक शिवानंद नीलण्णवर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में बॉन्ड पेपर, चेक और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए थे, जिनकी जांच अब सीआईडी कर रही है।
सहयोगियों पर भी नजर
जिलाधिकारी मोहम्मद रोशन ने बताया कि जमाकर्ताओं के धन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही मुख्य आरोपी के सहयोगियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

