महिलाओं से जमा राशि लौटाने के बजाय कथित ठगी
संस्था से रजिस्टर और कंप्यूटर जब्त
बागलकोट. महिलाओं से धन संग्रह कर राशि वापस नहीं लौटाने के आरोप में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बीलगी स्थित श्री दुर्गादेवी महिला ग्रामीण विकास संस्था की अध्यक्ष और सचिव को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में अब तक 43.40 लाख रुपए की कथित वित्तीय अनियमितता सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संस्था की अध्यक्ष विद्या हल्लूर और सचिव रचना बंटनूर के तौर पर की गई है। पुलिस के अनुसार, संस्था द्वारा महिलाओं से जमा कराई गई राशि लौटाने में कथित धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत मिली थी।
महिलाओं ने किया था घेराव
गत 13 जुलाई को बड़ी संख्या में महिलाओं ने संस्था के कार्यालय का घेराव कर धन वापस दिलाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई।
रजिस्टर और कंप्यूटर जब्त
शिकायत के बाद पुलिस ने संस्था के कार्यालय में छापेमारी कर 200 से अधिक रजिस्टर, रसीद पुस्तिकाएं और कंप्यूटर जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों की जांच कर लेन-देन का ब्यौरा खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल ने बताया कि मामले में कुल नौ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

