पत्नी पर हत्या का आरोप, आठ वर्षीय बेटा भी घायल
पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
हुब्बल्ली. धारवाड़ शहर में पारिवारिक विवाद ने बुधवार को खूनी रूप ले लिया। बाराकोट्री क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट में निजी अस्पताल के एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. किरण होन्नण्णवर (45) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना में उनका आठ वर्षीय पुत्र नेहित भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के परिजनों ने डॉ. किरण की पत्नी डॉ. प्रियंका पर हत्या और बच्चे पर हमले का आरोप लगाया है।
मंगलवार रात से ही था संदेह
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात से ही डॉ. किरण के मोबाइल पर लगातार संपर्क करने की कोशिश की जा रही थी। हर बार उनकी पत्नी ने फोन उठाकर बताया कि वह किसी काम से बाहर गए हैं। बुधवार सुबह भी यही जवाब मिलने पर परिजनों को संदेह हुआ। पड़ोसियों से पूछताछ के दौरान भी डॉ. प्रियंका ने घर में अकेले होने की बात कही।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉ. किरण मंगलवार रात ड्यूटी समाप्त कर सीधे घर लौटे थे और उसके बाद बाहर नहीं निकले। आशंका जताई जा रही है कि रात में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा।
अलग-अलग कमरों में मिले पिता-पुत्र
पुलिस ने कि डॉ. किरण एक कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे, जबकि दूसरे कमरे में उनका आठ वर्षीय पुत्र नेहित भी चाकू के हमले से घायल मिला। नेहित विशेष आवश्यकता वाला बच्चा बताया जा रहा है। लगातार संपर्क न होने पर परिजन गांव से धारवाड़ पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ। तब तक डॉ. किरण की मृत्यु हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही उपनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डॉ. प्रियंका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह को कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

