लाखों की फसल बर्बाद करने की वारदात का खुलासा
एक विधि-विरोधी बालक भी पुलिस की अभिरक्षा में
दावणगेरे. जिले में 610 सुपारी के पेड़ों को काटकर लाखों रुपए का नुकसान पहुंचाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विधि-विरोधी एक बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
एक ही रात में उजाड़ा सुपारी का बागान
मायकोंडा थाना क्षेत्र के बुल्लापुर गांव निवासी के. सिद्धेशनायक ने अपनी एक एकड़ 15 गुंटे भूमि पर 660 सुपारी के पेड़ लगाए थे। शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई की शाम 7 बजे से 4 जुलाई की सुबह 8.30 बजे के बीच अज्ञात लोग बागान में घुस गए और 660 में से 610 पेड़ों को काटकर नष्ट कर दिया। इस घटना से उन्हें लगभग 5 से 5.5 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
विशेष टीम ने की जांच
शिकायत के आधार पर मायकोंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परमेश्वर हेगड़े तथा ग्रामीण उपखंड के पुलिस उपाधीक्षक बी.एस. बसवराज के मार्गदर्शन में, मायकोंडा सर्किल के पुलिस निरीक्षक राघवेंद्र की निगरानी में विशेष जांच दल गठित किया गया।
पुलिस उपनिरीक्षक एस.बी. अजय के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मुख्य आरोपी किरण आर. (26) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की वारदात में संलिप्तता की पुष्टि हुई। मामले में शामिल एक विधि-विरोधी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

