ग्रामीण पुलिस ने 2.81 लाख रुपए का चोरी का माल बरामद
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
दावणगेरे. दावणगेरे ग्रामीण थाना पुलिस ने दो अलग-अलग घरों में हुई चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 2.81 लाख रुपए मूल्य के चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण तथा अन्य सामान बरामद किए हैं।
दो मामलों की एक साथ हुई जांच
पहली घटना 12 जून की है, जब तालुक के एक गांव में देवीरम्मा के घर का ताला तोडक़र चोर अंदर घुस गए। उन्होंने अलमारी का लॉकर तोडक़र 12 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी के सामान और नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में दावणगेरे ग्रामीण थाने में मामला दर्ज किया गया था।
दूसरी घटना 9 जुलाई को कड्लेबालु गांव में हुई। यहां करिबसवेश्वर के बंद मकान का ताला तोडक़र चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ा और सोने के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। इस मामले में भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विशेष टीम ने सुलझाए दोनों मामले
दोनों मामलों की जांच के लिए ग्रामीण थाना के पुलिस उपाधीक्षक बी.एस. बसवराज तथा ग्रामीण थाना प्रभारी के.टी. अण्णय्या के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पहले मामले में पुलिस ने भद्रावती तालुक के मैलारी उर्फ वग्ग मैलारी (50) और कुमार उर्फ वग्ग कुमार (36) को गिरफ्तार कर उनके पास से 1.08 लाख रुपए मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया।
दूसरे मामले में देवेंद्र उर्फ देवा (27) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.73 लाख रुपए मूल्य का चोरी का माल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 2.81 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति बरामद कर ली गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले की आगे की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

