50 दिन बाद बेलगावी पुलिस ने सुलझाया सनसनीखेज हत्याकांडसोशल मीडिया पर जारी वीडियो से मिली मृतका की पहचान
महाराष्ट्र का आरोपी गिरफ्तार
संकेश्वर (बेलगावी). बेलगावी जिले के संकेश्वर क्षेत्र में करीब 50 दिन पहले मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाते हुए महाराष्ट्र के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला से लिया गया करीब 1.50 लाख रुपए का कर्ज लौटाने के दबाव से बचने के लिए पानी में जहर मिलाकर उसकी हत्या कर दी थी।
सोशल मीडिया के वीडियो से खुली पहचान
29 मई को सोलापुर गेट सर्विस रोड के समीप 50-55 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने पर संकेश्वर थाने में संदिग्ध मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान 1 जून को पुलिस ने मृतका का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया। यह वीडियो महाराष्ट्र के सांगली जिले की शबाना बादशाह मुल्ला तक पहुंचा, जिन्होंने थाने पहुंचकर मृतका की पहचान अपनी मां बेबी बादशाह शेख (59) के तौर पर की। वह महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के करवीर तालुक स्थित टेंबळायीवाड़ी की शाहू कॉलोनी की निवासी थीं।
कर्ज बना हत्या की वजह
पहचान होने के बाद शबाना मुल्ला ने 15 जुलाई को वित्तीय लेन-देन के आधार पर कोल्हापुर जोशी गली विक्रम नगर निवासी हाजीमस्तान मैनुद्दीन बागवान (42) पर संदेह जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपी को कोल्हापुर से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मृतका से लगभग 1.50 लाख रुपए उधार लिए थे। महिला लगातार रकम वापस मांग रही थी, जिससे परेशान होकर उसने पानी की बोतल में जहर मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
50 दिन बाद मिला हत्याकांड का सुराग
जिला पुलिस अधीक्षक के. रामराजन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.बी. बसरगी तथा गोकाक के पुलिस उपाधीक्षक रवि डी. नायक के मार्गदर्शन में, संकेश्वर थाना प्रभारी जी.बी. कोंगनोल्ली के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया। जिला पुलिस अधीक्षक ने जांच दल की सराहना करते हुए इसे वैज्ञानिक और सतर्क पुलिस कार्रवाई का परिणाम बताया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

