कल्याण कर्नाटक के युवाओं को मिला नया सपना
आईएएस-केएएस की नि:शुल्क कोचिंग
500 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का होगा चयन
कलबुर्गी. कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलबुर्गी में अत्याधुनिक “प्रबुद्ध एकेडमी” की स्थापना की गई है। यह केंद्र अब क्षेत्र के युवाओं के लिए नई उम्मीद और बड़े सपनों का मंच बनकर उभर रहा है।
केकेआरडीबी, जिला प्रशासन और सामाजिक कल्याण विभाग के संयुक्त सहयोग से स्थापित इस आधुनिक प्री-एग्जाम ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण शहर के प्रमुख क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपए की लागत से 10,449.35 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया गया है।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित परिसर
एकेडमी में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक और प्रतिस्पर्धी माहौल तैयार किया गया है। यहां अत्याधुनिक तकनीक से लैस चार विशाल प्रशिक्षण कक्ष बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक में 125 विद्यार्थियों के बैठने की क्षमता है।
इसके अलावा 100 विद्यार्थियों की क्षमता वाली समृद्ध लाइब्रेरी, सभी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी, सेल्फ-स्टडी के लिए अलग क्यूबिकल, विशेषज्ञों से व्यक्तिगत मार्गदर्शन के लिए मेंटरिंग रूम तथा रियायती दरों पर भोजन उपलब्ध कराने वाला ब्रेकफास्ट सेंटर भी स्थापित किया गया है। विद्यार्थियों को शांत और सकारात्मक वातावरण मिले, इसके लिए सुंदर गार्डन भी विकसित किया गया है।
आईएएस और केएएस परीक्षा के लिए नि:शुल्क कोचिंग
फिलहाल एकेडमी कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के पात्र अभ्यर्थियों से आईएएस और केएएस परीक्षा की प्रारंभिक नि:शुल्क कोचिंग के लिए आवेदन आमंत्रित कर रही है। किसी भी विषय में स्नातक अथवा अंतिम वर्ष में अध्ययनरत 21 से 37 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 21 मई 2026 निर्धारित की गई है।
केईए परीक्षा के आधार पर होगा चयन
चयन प्रक्रिया के तहत कर्नाटक एग्जामिनेशन अथॉरिटी (केईए) विशेष प्रतियोगी परीक्षा आयोजित करेगी। पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर 500 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को देश के प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थान द्वारा 10 माह तक नि:शुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली कोचिंग प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण में प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू तीनों चरणों की व्यापक तैयारी कराई जाएगी।
व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान
एकेडमी का शिक्षण मॉडल वर्तमान प्रतियोगी परीक्षाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें विषयों की कॉन्सेप्चुअल समझ, विश्लेषणात्मक क्षमता, करेंट अफेयर्स की गहन जानकारी और इंटरव्यू में आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
उत्तर कर्नाटक की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव
विशेषज्ञों के अनुसार यह एकेडमी केवल कोचिंग सेंटर नहीं, बल्कि उत्तर कर्नाटक के शैक्षणिक और प्रशासनिक भविष्य को नई दिशा देने वाली पहल साबित हो सकती है। भविष्य में इसे देश-विदेश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज और ग्लोबल मेंटरिंग नेटवक्र्स से जोडऩे की भी योजना बनाई जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

