उडुपी में सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

210 स्थानों पर लगेंगे 650 सीसीटीवी कैमरे

अपराध और यातायात नियम उल्लंघन पर नजर रखने के लिए पुलिस की बड़ी पहल

जिला मुख्यालय में बनेगा केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष

उडुपी. कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उडुपी जिला पुलिस ने व्यापक सीसीटीवी निगरानी तंत्र स्थापित करने की योजना बनाई है। इसके तहत जिले के लगभग 210 स्थानों पर 650 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी निगरानी एक केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष से की जाएगी।

वर्तमान में पुलिस विभाग ने चैंबर ऑफ कॉमर्स और दानदाताओं के सहयोग से जिले के करीब 60 स्थानों पर 220 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए हैं। अब इस नेटवर्क का विस्तार करते हुए अतिरिक्त 210 स्थानों को निगरानी प्रणाली से जोड़ा जाएगा।

उच्च गुणवत्ता वाले हाई डेफिनिशन कैमरे

केंद्र सरकार की ओर से इस परियोजना के लिए 5 करोड़ रुपए का अनुदान उपलब्ध कराया गया है। इसके तहत 126 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। रात के समय भी स्पष्ट दृश्य उपलब्ध कराने वाले उच्च गुणवत्ता वाले हाई डेफिनिशन कैमरे लगाए जाएंगे।

30 स्थानों पर 60 अतिरिक्त कैमरे स्थापित

इसके अलावा राज्य सरकार के सहयोग से जिले के छह स्थानों पर स्पीड रडार कैमरे लगाए जा रहे हैं। भविष्य में ऐसे 14 और स्थानों को इस सुविधा से जोडऩे की योजना है। वहीं, नगर परिषद की योजना के तहत 30 स्थानों पर 60 अतिरिक्त कैमरे स्थापित किए जाएंगे।

650 कैमरों की गतिविधियों पर नजर

पुलिस विभाग का लक्ष्य जिले के सभी प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों और महत्वपूर्ण मार्गों को निगरानी दायरे में लाना है। इसके लिए जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक अत्याधुनिक केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जहां से सभी 650 कैमरों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

207 से 210 स्थानों की पहचान

जिला पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर ने बताया कि जिले में लगभग 207 से 210 स्थानों की पहचान की गई है, जहां दो से तीन कैमरे लगाए जाएंगे। अगले तीन महीनों के भीतर नियंत्रण कक्ष और निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह कार्यान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *