महिला विश्वविद्यालय में पत्रकारों के लिए कार्यशाला
किशोर स्वास्थ्य और सडक़ सुरक्षा पर हुआ मंथन
विजयपुर. कर्नाटक राज्य अक्कमहादेवी महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. विजया कोरिशेट्टी ने कहा कि किशोरों के स्वास्थ्य, बच्चों के अधिकारों और सडक़ सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज में जागरूकता पैदा करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से संवेदनशीलता के साथ इन विषयों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कर्नाटक राज्य अक्कमहादेवी महिला विश्वविद्यालय तथा मैसूर विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा यूनिसेफ, हैदराबाद के सहयोग से आयोजित “बाल विषयों पर कर्नाटक के पत्रकारों का अभिमुखीकरण” कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए उन्होंने यह बात कही। कार्यशाला में किशोर स्वास्थ्य एवं पोषण, गैर-संचारी रोग, स्वस्थ खानपान और सडक़ सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
मोबाइल और सोशल मीडिया का बढ़ रहा प्रभाव
प्रो. कोरिशेट्टी ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया बच्चों के जीवन को गहराई से प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों और मीडिया संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों से जुड़े समाचारों को अत्यंत संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करें।
यूनिसेफ, हैदराबाद के प्रोसून सेन ने कहा कि 11 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, मधुमेह, कैंसर और हृदय रोग जैसे गैर-संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। जंक फूड का बढ़ता सेवन और शारीरिक गतिविधियों में कमी इसके प्रमुख कारण हैं।
सामाजिक मुद्दों को प्राथमिकता दें पत्रकार
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओमकार काकड़े ने कहा कि पत्रकारों को बच्चों की समस्याओं, ग्रामीण विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को अधिक महत्व देना चाहिए। प्रभावी और जन-जागरूकता पैदा करने वाली रिपोर्टिंग के माध्यम से समाज की समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाया जा सकता है।
मैसूर विश्वविद्यालय की प्रो. सपना एम.एस. ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में इस प्रकार की कार्यशालाओं के माध्यम से पत्रकारों के बीच किशोर स्वास्थ्य, पोषण, गैर-संचारी रोगों, स्वस्थ जीवनशैली और सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
कार्यक्रम में डॉ. राकेश, राज्य के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मंजुनाथ ने किया, जबकि प्रो. सपना एम.एस. ने अतिथियों का स्वागत किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

