जून के पहले पखवाड़े में राज्य में 17 फीसदी कम बारिश
दावणगेरे, रामनगर और विजयनगर में सबसे अधिक कमी
हुब्बल्ली. दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश के बावजूद कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों में अपेक्षित बारिश नहीं हुई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के बेंगलूरु केंद्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, एक से 14 जून के बीच राज्य के 19 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पूरे राज्य में इस अवधि के दौरान 17 प्रतिशत बारिश की कमी रही।
राज्य में इन दो सप्ताह के दौरान सामान्यत: 88.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 77.8 मिमी बारिश ही दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश बेंगलूरु ग्रामीण, चिक्कबल्लापुर और यादगीर जिलों में हुई, जहां सामान्य से 100 प्रतिशत से अधिक बारिश दर्ज की गई।
कई जिलों में 50 फीसदी से अधिक कमी
दावणगेरे में सामान्य 43.8 मिमी के मुकाबले केवल 17.7 मिमी बारिश हुई, जिससे 59 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। रामनगर में 78 प्रतिशत, विजयनगर में 78 प्रतिशत, मैसूर में 55 प्रतिशत तथा हावेरी जिले में 54 प्रतिशत कम बारिश हुई है। शिवमोग्गा में 49 प्रतिशत और मंड्या में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
पश्चिमी घाट और भारी बारिश वाले क्षेत्रों कोडगु, चिक्कमगलूरु, हासन और शिवमोग्गा में भी सामान्य से कम बारिश होने से कृषि क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।
तटीय जिलों में भी कम बरसे मेघ
दक्षिण कन्नड़ जिले में सामान्य 376.9 मिमी के मुकाबले 257.1 मिमी बारिश हुई, जिससे 32 प्रतिशत की कमी रही। उडुपी में 31 प्रतिशत और उत्तर कन्नड़ में 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
उत्तर कर्नाटक के कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश
बागलकोट में 43 प्रतिशत, बेलगावी में 36 प्रतिशत, गदग में 41 प्रतिशत, रायचूर में 48 प्रतिशत और यादगीर जिले में सामान्य से 111 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। बेंगलूरु ग्रामीण जिले में सर्वाधिक 143 प्रतिशत अधिक बारिश हुई, जबकि चिक्कबल्लापुर में यह आंकड़ा 130 प्रतिशत रहा।
कृषि पर बढ़ी चिंता
मानसून के शुरुआती चरण में बारिश की कमी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। विशेष रूप से दावणगेरे, मैसूर, रामनगर, हावेरी, विजयनगर और शिवमोग्गा जैसे जिलों में खरीफ फसलों की बुआई पर इसका असर पडऩे की आशंका जताई जा रही है।
प्रमुख आंकड़े
राज्य में सामान्य बारिश – 88.9 मिमी
वास्तविक बारिश – 77.8 मिमी
कुल कमी – 17 प्रतिशत
19 जिलों में सामान्य से कम बारिश
बेंगलूरु ग्रामीण में 143 प्रतिशत अधिक बारिश
यादगीर में 111 प्रतिशत और चिक्कबल्लापुर में 130 प्रतिशत अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
