शहर से सटे वार्ड में समस्याओं का अंबारबडगुबेट्टु वार्ड की बदहाल सडक़।

बदहाल सडक़ें और अधूरी नालियां बनीं मुसीबत

उडुपी के बडगुबेट्टु वार्ड में जलभराव, सफाई और बिजली बाधित होने से लोग परेशान

उडुपी. शहर से सटे होने के बावजूद उडुपी नगर परिषद के 22वें बडगुबेट्टु वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी से स्थानीय लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर आंतरिक सडक़ें, अधूरी नालियां, जलनिकासी की अपर्याप्त व्यवस्था और सफाई व्यवस्था की बदहाली के कारण नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।

वार्ड में कई स्थानों पर नालियों का निर्माण नहीं हुआ है, जबकि कहीं नालियों की सफाई नहीं होने से उनमें घास, झाडिय़ां और गाद जमा हो गई है। इससे बरसात का पानी सडक़ों पर बह रहा है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई जगहों पर गंदे पानी को सीधे वर्षाजल निकासी वाले नालों में छोड़ा जा रहा है।

बारिश में घरों तक पहुंच जाता है पानी

बैलूर मुख्य सडक़ से बलायिपाडे तक बहने वाले नाले पर सुरक्षा दीवार नहीं होने से तेज बारिश के दौरान पानी उफनकर वेगस ले-आउट के मकानों में घुस जाता है। स्थानीय लोगों ने इसके स्थायी समाधान की मांग की है। वार्ड की नियमित सफाई के लिए प्रतिदिन आने वाले कर्मचारियों का आना भी लंबे समय से बंद है।

दो आंगनवाड़ी केंद्र अभी भी किराए के भवनों में संचालित हो रहे हैं। इनमें एक बैलूर चर्च के समीप तथा दूसरा कला किरण क्लब भवन में चल रहा है। बैलूर पार्क के पास नए भवन के लिए भूमि चिन्हित की गई है।

बिजली, सफाई और मच्छरों की समस्या

वार्ड के कई सडक़ किनारों पर घास उग आने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। अलेवूर उपकेंद्र से जुड़े विद्युत लाइनों में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है। कचरा संग्रहण व्यवस्थित नहीं होने से स्वच्छता प्रभावित हो रही है। सडक़ किनारे नारियल के पत्ते और अन्य कचरे के ढेर दिखाई दे रहे हैं। मच्छरों और लार्वा नियंत्रण के लिए छिडक़ाव भी नहीं किया जा रहा है, जबकि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें भी पर्याप्त रोशनी नहीं दे रही हैं।

कई विकास कार्य अभी अधूरे

कोरंग्रपाडी जंक्शन पर वैज्ञानिक तरीके से नाली निर्माण नहीं होने के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। मिशन अस्पताल से बैलूर और कोरंग्रपाडी को जोडऩे वाली सडक़ का विकास तो किया गया है, लेकिन किनारों पर नालियों का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है।

एमईटी स्कूल के सामने से बडगुबेट्टु वार्ड को जोडऩे वाली सडक़ के कंक्रीटीकरण के लिए 60 लाख रुपए तथा वासुकी नगर की आंतरिक सडक़ों के विकास के लिए 40 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन कार्य शुरू होना बाकी है।

स्थानीय लोगों की प्रमुख मांगें

हनुमान गैराज रोड और एनजीओ कॉलोनी सडक़ की मरम्मत, वासुकी नगर और बीएमएम स्कूल क्षेत्र की सडक़ों का विकास, बैलूर पार्क का नियमित रखरखाव तथा बलायिपाडे से कुक्किकट्टे जंक्शन तक सडक़ का पुन: डामरीकरण प्रमुख मांगों में शामिल हैं।

जल निकासी की समुचित व्यवस्था हो

स्थानीय निवासी शिवराम पूजारी ने कहा कि बैलूर मंदिर से कोरंग्रपाडी तक सडक़ किनारे नाली का निर्माण कर वर्षा जल निकासी की उचित व्यवस्था करनी चाहिए।

दुर्घटनाएं रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर जरूरी

रंजीत देवाडिग ने कहा कि कोरंग्रपाडी से मिशन अस्पताल मार्ग पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की आवश्यकता है। यहां प्रतिदिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन बार-बार अनुरोध के बावजूद नगर परिषद इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के निकट होने के बावजूद बडगुबेट्टु वार्ड विकास की मुख्यधारा से अब भी दूर है और बुनियादी सुविधाओं के लिए उन्हें लंबे समय से इंतजार करना पड़ रहा है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

 

 

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *