12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर धारण किया ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ का संकल्प
धारवाड़. जिलाधिकारी स्नेहल आर. ने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार है। योग के माध्यम से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है और यह बेहतर जीवन जीने में सहायक सिद्ध होता है।
शहर के डॉ. आर.एन. शेट्टी स्टेडियम में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में जिलाधिकारी स्नेहल ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस का आयोजन ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ विषय के तहत किया जा रहा है। बड़ी संख्या में योग प्रेमियों की सहभागिता उत्साहवर्धक है।
परिवार से मिला योग का संस्कार
जिलाधिकारी स्नेहल आर. ने कहा कि उनकी माता पिछले लगभग 15 वर्षों से नियमित योगाभ्यास कर रही हैं और बढ़ती उम्र के बावजूद स्वस्थ जीवन जी रही हैं। उन्होंने सभी लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उम्र बढऩे के साथ आने वाली अनेक समस्याओं से बचाव में योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विशेषज्ञों ने कराया योगाभ्यास
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय योग विशेषज्ञ जगदीश मलगी, इंद्रा तथा प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की संचालिका जयंती ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गीता सी.डी., जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश पाटिल, हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार, जिला पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य, जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. परशुराम एफ.के., जिला शल्य चिकित्सक डॉ. संगप्पा गाबी, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गणेश एस. कबाडे, एस.एफ. सिद्धनगौडर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
जिला आयुष विभाग की चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमृता पास्ते ने कार्यक्रम का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

