एआई ने काम आसान किया, पर बढ़ा रही सुस्ती: ओस्तवालकंचगार गली स्थित महावीर भवन में श्री सिवांची ओस्वाल जैन संघ और सिवांची ओस्वाल महिला मंडल की ओर से बुधवार को आयोजित सीए और डॉक्टर्स डे समारोह का उद्घाटन करते हुए सीए सुमेरमल ओस्तवाल और डॉ. गणेशमल भंडारी।

सीए-डॉक्टर्स डे पर स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश; चिकित्सकों व सीए का सम्मान

हुब्बल्ली. शहर के कंचगार गली स्थित महावीर भवन में श्री सिवांची ओस्वाल जैन संघ एवं सिवांची ओस्वाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) एवं डॉक्टर्स डे समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमेरमल ओस्तवाल एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गणेशमल भंडारी ने किया। इस अवसर पर समाज के अनेक चिकित्सकों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया।

बदलती जीवनशैली पर जताई चिंता

मुख्य अतिथि सुमेरमल ओस्तवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और कंप्यूटर ने कार्यों को पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल और तेज बना दिया है, लेकिन इसके साथ ही लोगों की सक्रियता और मेहनत करने की प्रवृत्ति भी कम होती जा रही है। तकनीक का उपयोग आवश्यक है, किंतु उस पर अत्यधिक निर्भरता व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से निष्क्रिय बना सकती है।

उन्होंने वर्तमान पीढ़ी की जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले बच्चे समय पर सोते और सुबह जल्दी उठते थे, जबकि आज अधिकांश बच्चे देर रात तक जागते हैं और सुबह देर से उठते हैं। इसका प्रतिकूल प्रभाव उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और मानसिक विकास पर पड़ रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की दिनचर्या और खानपान पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

एआई ने काम आसान किया, पर बढ़ा रही सुस्ती: ओस्तवाल
कार्यक्रम में उपस्थित जैन समाज के गणमान्य।

जंक फूड से बढ़ रहीं स्वास्थ्य समस्याएं

ओस्तवाल ने कहा कि बेकरी उत्पाद और जंक फूड बच्चों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं। इनके अधिक सेवन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता, ऊर्जा और स्टैमिना प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए निकालना चाहिए। नियमित योग, व्यायाम, पैदल चलना और संतुलित भोजन स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि घर का बना भोजन ही सबसे उत्तम है तथा सकारात्मक सोच और आत्मसंवाद व्यक्ति को जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। आज का कार्य आज ही पूरा करने की आदत सफलता का महत्वपूर्ण सूत्र है।

सीए परीक्षा मेहनत और आत्मविश्वास की कसौटी

सुमेरमल ओस्तवाल ने कहा कि देश में 77 वर्षों के दौरान 4.5४ लाख से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट तैयार हुए हैं, जिनमें लगभग 60 प्रतिशत नौकरी और 40 प्रतिशत स्वतंत्र प्रैक्टिस कर रहे हैं। उनके कार्यालय से अब तक 50 विद्यार्थी सीए बन चुके हैं। पहले सीए परीक्षा का परिणाम लगभग एक प्रतिशत रहता था, जबकि अब 10 से 15 प्रतिशत विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। हुब्बल्ली में लगभग 30 से 35 चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और हाल के वर्षों में छात्राओं की सफलता का प्रतिशत लगातार बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि सीए परीक्षा को अनावश्यक रूप से कठिन माना जाता है। वास्तव में यह मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की परीक्षा है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि सीए परीक्षा के इतिहास में आज तक एक भी प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ है और इसमें किसी प्रकार का आरक्षण नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले बैलेंस शीट तैयार करने में काफी समय लगता था, जबकि आज कंप्यूटर और एआई की सहायता से यह कार्य कुछ ही मिनटों में पूरा हो जाता है।

स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूंजी : डॉ. भंडारी

डॉ. गणेशमल भंडारी ने कहा कि प्रत्येक संयुक्त परिवार में एक डॉक्टर और एक चार्टर्ड अकाउंटेंट होना चाहिए, क्योंकि दोनों समाज और परिवार के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आज मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और कोलेस्ट्रॉल जैसी बीमारियां सामान्य होती जा रही हैं। इनसे बचने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को “जीने के लिए खाना चाहिए, खाने के लिए नहीं जीना चाहिए।”

समारोह में डॉ. समीक्षा पोरवाल, डॉ. युक्ता बाफना, डॉ. युक्ति बाफना, डॉ. विनाल शाह, डॉ. आयुषी कोठारी, डॉ. निहाल कोठारी तथा सीए अमन मेहता, निशा बाफना, प्रांजल जैन, अंशुल बाफना, अदिति परमार, अनिश मुणोत, अंजली पालगोता, चिराग ओस्तवाल, चिराग जैन, जैनम मेहता, विक्यांत शाह, मनीशा बागरेछा, नमन जैन, मृणाली पटवा सहित अनेक चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में केएलई अस्पताल के रवि कुरहट्टी, श्री सिवांची ओस्वाल जैन संघ के अध्यक्ष अशोक कानुंगा, सचिव गौतम बाफना, उकचंद बाफना, विनोद चोपड़ा, महावीर पालरेचा, पूनम छाजेड़, कविता बाफना सहित मरुधर संघ, दादावाड़ी, स्थानकवासी जैन संघ, तेरापंथ सभा, अणुव्रत समिति, शांतिनाथ गौशाला तथा जैन समाज के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थेे।

सिवांची ओस्वाल महिला मंडल की अध्यक्ष नीतु कोठारी ने स्वागत किया, सचिव सुमन बाफना ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा जयंती श्रीश्रीमाल ने आभार व्यक्त किया।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *