अयोध्या घटना से सबक, मंदिर हुंडी पर सख्त निगरानी
बेलगावी. राजस्व, मुजराई एवं खेल मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने कहा कि राज्य के किसी भी मंदिर में श्रद्धालुओं की चढ़ावा राशि और हुंडी के धन के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हुंडी प्रबंधन के लिए बनेगी एकरूप व्यवस्था
बेलगावी में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. जी. परमेश्वर ने कहा कि अयोध्या में हाल में सामने आई घटना धार्मिक न्यास विभाग के लिए चेतावनी है। इसलिए राज्य के ए और बी श्रेणी के अधिक आय वाले मंदिरों में हुंडी खोलने, राशि की गणना, बैंक में जमा करने और व्यय के लेखा-जोखा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की जाएगी। तहसीलदार और जिलाधिकारी प्रत्येक माह निरीक्षण कर सरकार को रिपोर्ट देंगे।
मंदिर संपत्तियों का होगा सर्वे
परमेश्वर ने कहा कि राज्य के ए, बी और सी श्रेणी के मंदिरों की भूमि, भूखंड और अन्य संपत्तियों का व्यापक सर्वे कराया जाएगा। अतिक्रमित संपत्तियों की पहचान कर सीमांकन किया जाएगा तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए जाएंगे। मंदिर की संपत्ति केवल मंदिर की ही रहेगी और सभी अभिलेखों को अद्यतन कर सुरक्षित रखा जाएगा।
यल्लम्मा मंदिर के विकास की तैयारी
मंत्री ने कहा कि सवदत्ती यल्लम्मा मंदिर के समग्र विकास के लिए प्राधिकरण का गठन किया गया है और मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था, प्रसाद वितरण, पेयजल, शौचालय, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही मंदिरों की आय का उपयोग संबंधित धार्मिक स्थलों के विकास पर ही किया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

