चलती बस की खिडक़ी से सिर बाहर निकाला
गुटखा थूकने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
17 वर्षीय आईटीआई छात्र ने मौके पर तोड़ा दम
हुब्बल्ली. चलती बस में एक पल की लापरवाही ने 17 वर्षीय आईटीआई छात्र की जान ले ली। धारवाड़ जिले के कुंदगोल के निकट हुब्बल्ली-लक्ष्मेश्वर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम एक छात्र बस की खिडक़ी से गुटखा थूकने के लिए सिर बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एम-सैंड से लदे एक डम्पर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
मृतक की पहचान शिरूर गांव निवासी फक्कीरेश चन्नय्या मुत्तल्लीमठ (17) के तौर पर की गई है। वह आईटीआई का छात्र था और हुब्बल्ली से अपने गांव लौटने के लिए लक्ष्मेश्वर डिपो की राज्य परिवहन बस में सवार था। यात्रा के दौरान उसने गुटखा थूकने के लिए खिडक़ी से सिर बाहर निकाला। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे डम्पर ने उसके सिर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कुंदगोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही डम्पर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

