जाम, अव्यवस्था और गंदगी से लोग त्रस्त
स्थायी बाजार स्थल की मांग तेज
कलबुर्गी. जिले के जेवर्गी कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे लगने वाला साप्ताहिक बाजार आमजन और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। प्रत्येक मंगलवार लगने वाले इस बाजार के कारण लंबा जाम लगता है, लेकिन अब तक इसे किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया है।
करीब 40 हजार की आबादी वाले कस्बे में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान और व्यापारी सब्जियां बेचने आते हैं। वहीं हजारों लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। बावजूद इसके बाजार के लिए स्थायी स्थान, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और कचरा निस्तारण जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
गंदगी और शोर से स्थानीय लोग परेशान
बाजार समाप्त होने के बाद कचरा खुले में फेंक दिया जाता है, जिससे गंदगी, मच्छरों और आवारा सूअरों की समस्या बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के दिन व्यापारियों से शुल्क तो वसूला जाता है, लेकिन सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं। बाजार के आसपास स्कूल और सरकारी कार्यालय होने से शोर-शराबे का असर विद्यार्थियों और कर्मचारियों पर भी पड़ता है।
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने बाजार को एपीएमसी परिसर में स्थानांतरित करने की मांग दोहराई है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में तत्कालीन तहसीलदार ने यातायात व्यवस्था को देखते हुए बाजार को एपीएमसी परिसर में स्थानांतरित किया था, लेकिन बाद में वह फिर हाईवे किनारे लगने लगा।
तहसीलदार मल्लण्णा यलगोड ने कहा कि बाजार के स्थानांतरण के मुद्दे पर विधायक से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं नगर प्रशासन को स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए जाएंगे।
शोर-शराबे के बीच स्कूल
राष्ट्रीय राजमार्ग पर साप्ताहिक बाजार लगने से लगातार यातायात की समस्या बनी रहती है। सभी की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए कस्बे में स्थायी बाजार का निर्माण करना चाहिए। बाजार के आसपास स्कूल और सरकारी कार्यालय होने से व्यापारियों की आवाजाही और शोर-शराबे का सीधा असर विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों पर पड़ता है। दो प्रमुख राजमार्गों से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, ऐसे में व्यापारियों को भी जान जोखिम में डालकर कारोबार करना पड़ता है।
— महीमूद नूरी, उपाध्यक्ष, टीएपीसीएमएस, जेवर्गी
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

