दुर्घटना और हार्ट अटैक मरीजों को मिलेगी त्वरित चिकित्सा
नर्सिंग स्नातक होंगे तैनात
आपातकालीन सेवा को मिलेगा नया बल
हुब्बल्ली. कर्नाटक सरकार ने बंद पड़ी बाइक एंबुलेंस सेवा को एक बार फिर शुरू करने की तैयारी कर ली है। पहले चरण में राज्यभर में 100 बाइक एंबुलेंस संचालित की जाएंगी। इन पर प्रशिक्षित नर्सिंग स्नातकों की तैनाती की जाएगी, ताकि सडक़ दुर्घटनाओं, हृदयाघात और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों तक तेजी से प्राथमिक चिकित्सा पहुंचाई जा सके।
गोल्डन ऑवर का बेहतर उपयोग
सरकार का उद्देश्य सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना और यातायात जाम के बीच भी समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है। कई बार 108 एंबुलेंस ट्रैफिक या दुर्गम क्षेत्रों के कारण निर्धारित समय में घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में बाइक एंबुलेंस गोल्डन ऑवर के भीतर मरीज को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इनका संचालन शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों में भी किया जाएगा।
आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस होंगी
बाइक एंबुलेंस में प्राथमिक उपचार के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण उपलब्ध रहेंगे। इनमें ग्लूकोमीटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, हृदय गति और रक्तचाप मापने के उपकरण, आपातकालीन मेडिकल किट, बैंडेज, जीवनरक्षक दवाएं तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री शामिल होगी। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

