गदग के सरकारी स्कूल की घटना
उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती, सभी की हालत स्थिर
गदग. जिले में एक सरकारी स्कूल के 25 बच्चे अरंडी के बीज खाने से बीमार पड़ गए। सभी बच्चों को तत्काल गदग आयुर्विज्ञान संस्थान एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
घटना गदग तालुक के बेलधडी तांडा (ब्रह्मानंदपुर) स्थित सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय की है। बुधवार शाम विद्यालय परिसर में मौजूद अरंडी पेड़ के बीज एक छात्रा ने तीसरी और चौथी कक्षा के बच्चों को खाने के लिए दिए। कुल 25 बच्चों ने इन बीजों का सेवन किया।
घर पहुंचते ही बिगड़ी तबीयत
घर लौटने के बाद बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। परिजनों ने सभी बच्चों को तुरंत गदग आयुर्विज्ञान संस्थान एवं अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य है और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी देने की तैयारी की जा रही है।
शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के उपनिदेशक आर.एस. बुरडी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय का भी निरीक्षण किया है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

