तीर्थहल्ली-कोप्प मार्ग पर बारिश से बढ़ा जोखिम; लोगों ने तत्काल हटाने की मांग उठाई
शिवमोग्गा. जिले के तीर्थहल्ली-कोप्प राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरुवल्ली कुंबारदडगे के समीप बाबी बंडे मोड़ के पास एक विशाल पेड़ खतरनाक स्थिति में झुक गया है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच यह पेड़ कभी भी सडक़ पर गिर सकता है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
मिट्टी हटाने से कमजोर हुई जड़ें
स्थानीय लोगों के अनुसार, जेसीबी मशीन से पेड़ के चारों ओर लगभग 10 फुट गहराई तक मिट्टी की खुदाई की गई थी। इसके बाद पेड़ को हटाने के बजाय उसी स्थिति में छोड़ दिया गया, जिससे उसकी जड़ें कमजोर हो गई हैं। मलनाड क्षेत्र में जारी मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण पेड़ लगातार राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर झुकता जा रहा है।
हर दिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं
यह राष्ट्रीय राजमार्ग तीर्थहल्ली और कोप्प को जोडऩे वाला प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन, स्कूल बसें और अन्य यात्री गुजरते हैं। सडक़ के तीखे मोड़ पर स्थित यह पेड़ किसी भी समय गिर सकता है, जिससे बड़े सडक़ हादसे और जनहानि की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित भूमि स्वामी से तत्काल स्थल निरीक्षण कर पेड़ को सुरक्षित ढंग से हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

