टूटे झूले, जर्जर उपकरण, शराब की बोतलें और झाडिय़ां बनीं पहचान; बच्चों की चहल-पहल हुई गायब
हुब्बल्ली. शहर के गदग रोड स्थित विनोबा नगर के समीप बना स्वामी विवेकानंद एडवेंचर पार्क रखरखाव के अभाव में बदहाली का शिकार हो गया है। कभी बच्चों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाला यह पार्क आज टूटे झूलों, क्षतिग्रस्त खेल उपकरणों, शराब की खाली बोतलों, कूड़े के ढेर और ऊंची झाडिय़ों से घिरा नजर आता है।
चार साल में बदली पार्क की तस्वीर
दक्षिण-पश्चिम रेलवे ने वर्ष 2021 में करीब डेढ़ एकड़ क्षेत्र में इस एडवेंचर पार्क का विकास कर आम लोगों के लिए खोला था। शुरुआती दो-तीन वर्षों तक इसका नियमित रखरखाव होने से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे यहां शारीरिक गतिविधियों और साहसिक खेलों का आनंद लेने पहुंचते थे। लेकिन बाद में देखरेख बंद होने से पार्क की अधिकांश सुविधाएं नष्ट हो गईं।
साहसिक उपकरण हुए गायब
स्थानीय निवासी सुरेश ने बताया कि पार्क में लगाए गए नेट क्लाइम्बिंग, जिग-जैग लैडर, रोप नेट वॉल, टायर नेट वॉल, रोप लैडर, क्लाइम्बिंग वॉल और अन्य साहसिक उपकरण या तो पूरी तरह गायब हो चुके हैं या क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ट्री हाउस और वॉच टावर तो मौजूद हैं, लेकिन वहां तक पहुंचने का रास्ता भी झाडिय़ों से पट गया है।
बच्चों के बजाय शराबियों का अड्डा
स्थानीय निवासी चंद्रु के अनुसार, पार्क में लगे आठ झूलों में अब केवल एक ही उपयोग की स्थिति में बचा है। बैलेंसिंग वे, टायर और अन्य खेल उपकरण पूरी तरह टूट चुके हैं तथा पूरा परिसर पार्थेनियम और जंगली झाडिय़ों से ढक गया है। बच्चों में साहसिक भावना विकसित करने के उद्देश्य से बनाया गया यह पार्क अब असामाजिक तत्वों और शराब पीने वालों का अड्डा बन गया है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पार्क का तत्काल जीर्णोद्धार कराने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि बच्चों को फिर से सुरक्षित और बेहतर मनोरंजन स्थल उपलब्ध कराया जा सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

