केंद्र ने समुद्री उत्पाद और काजू को प्रमुख निर्यात उत्पाद घोषित किया
बंदरगाह, लॉजिस्टिक्स और गोदाम सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
मेंगलूरु (दक्षिण कन्नड़). केंद्र सरकार ने ‘डिस्ट्रिक्ट्स ऐज एक्सपोर्ट हब (डीईएच)’ पहल के तहत दक्षिण कन्नड़ जिले को आधिकारिक रूप से ‘निर्यात केंद्र’ (एक्सपोर्ट हब) घोषित किया है। इसके साथ ही समुद्री उत्पादों और काजू को जिले के संभावित प्रमुख निर्यात उत्पादों के रूप में चिन्हित किया गया है। इस फैसले से तटीय कर्नाटक के निर्यात उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, आगामी वित्तीय वर्ष में इस योजना के अनुरूप आवश्यक आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय उद्योगों को वैश्विक बाजार तक बेहतर पहुंच मिलेगी और मूल्य संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।
लॉजिस्टिक्स बाधाएं होंगी दूर
डीईएच पहल के तहत जिले की निर्यात संबंधी समस्याओं की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए जिला निर्यात कार्ययोजना (डीईएपी) तैयार की जाएगी। इसके अंतर्गत न्यू मेंगलूरु बंदरगाह से बेहतर संपर्क, गोदामों का विस्तार तथा निर्यात उत्पादों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
जिला प्रशासन, निर्यातकों, बंदरगाह प्राधिकरण, सीमा शुल्क विभाग, लॉजिस्टिक्स एजेंसियों तथा राज्य और केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति भी गठित की जाएगी।
एमएसएमई को मिलेगा बड़ा लाभ
योजना के तहत पैकेजिंग, परीक्षण, दस्तावेजीकरण और छोटे पार्सलों के निर्यात को आसान बनाने के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही अमेजन, शिपरॉकेट और डीएचएल जैसी कंपनियों के सहयोग से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को कम लागत पर प्रभावी लॉजिस्टिक्स और कूरियर सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा, डाक निर्यात सुविधाओं का विस्तार, वैकल्पिक परिवहन मार्गों का विकास तथा निर्यात प्रक्रियाओं, पैकेजिंग मानकों और अनुपालन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जिले का निर्यात कारोबार और अधिक मजबूत होगा
इस पहल से समुद्री उत्पाद और काजू उद्योग को नई पहचान मिलेगी तथा निर्यातकों, बंदरगाह, सीमा शुल्क और लॉजिस्टिक्स एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से जिले का निर्यात कारोबार और अधिक मजबूत होगा।
–नरवाडे विनायक कारभारी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, दक्षिण कन्नड़ जिला पंचायत
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
