उच्च शिक्षा में देश में बरकरार नंबर-1 स्थान
2023-24 में 7,914 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
हुब्बल्ली. उच्च शिक्षा के लिए विदेशी विद्यार्थियों को आकर्षित करने के मामले में कर्नाटक ने देश में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। हाल ही में जारी अखिल भारतीय उच्च शिक्षा सर्वेक्षण (एआईएसएचई) 2023-24 की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में 7,914 अंतरराष्ट्रीय छात्रों ने प्रवेश लिया, जो देश में सर्वाधिक है।
पंजाब 7,902 विदेशी विद्यार्थियों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके बाद महाराष्ट्र (6,190), उत्तर प्रदेश (5,953) और तमिलनाडु (5,694) का स्थान है।
देश के 13.6 प्रतिशत विदेशी छात्र कर्नाटक में
रिपोर्ट के अनुसार, भारत के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में 173 देशों के कुल 58,134 विदेशी छात्र अध्ययन कर रहे हैं। इनमें कर्नाटक की हिस्सेदारी लगभग 13.6 प्रतिशत है। बेंगलूरु के अलावा मणिपाल, मेंगलूरु, मैसूरु और धारवाड़ भी अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के पसंदीदा शिक्षा केंद्र बनकर उभरे हैं।
स्नातक पाठ्यक्रमों की अधिक मांग
कर्नाटक में अध्ययनरत 7,914 विदेशी छात्रों में से 6,638 ने स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया है, जबकि 812 विद्यार्थी स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं। शेष छात्र शोध एवं अन्य कार्यक्रमों से जुड़े हैं।
पांच वर्षों में 18.9 प्रतिशत बढ़ी विदेशी छात्रों की संख्या
देशभर में पिछले पांच वर्षों के दौरान विदेशी विद्यार्थियों की संख्या में 18.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2019-20 में यह संख्या 48,898 थी, जो 2023-24 में बढक़र 58,134 हो गई।
विदेशी विद्यार्थियों में नेपाल के छात्र सबसे अधिक 24.1 प्रतिशत हैं। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (7 प्रतिशत), अमरीका (5.9 प्रतिशत), बांग्लादेश (5.9 प्रतिशत) और नाइजीरिया (5.5 प्रतिशत) के विद्यार्थियों की संख्या सबसे ज्यादा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

