घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद
परिजनों ने पत्नी व एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
दावणगेरे. जिले के न्यामति तालुक के एच. कडदकट्टे गांव के समीप तुंगा नहर में कूदकर सर्वे विभाग के एक संविदा कर्मचारी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान मणिकंठ (28) के तौर पर की गई है, जो न्यामति तालुक के सर्वे विभाग में संविदा कर्मचारी थे। उनका विवाह लगभग तीन माह पूर्व रानीबेन्नूर की एक युवती से हुआ था।
नहर किनारे मिली बाइक, फिर शुरू हुआ खोज अभियान
पुलिस के अनुसार मणिकंठ की मोटरसाइकिल और बैग एच. कडदकट्टे गांव के निकट तुंगा नहर के किनारे मिले थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर अग्निशमन दल और न्यामति पुलिस ने संयुक्त खोज अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे सगटूर गांव के पास नहर से उनका शव बरामद किया गया।
सुसाइड नोट की जांच जारी
घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने कथित तौर पर व्यक्तिगत कारणों से मानसिक तनाव में होने का उल्लेख किया है। पुलिस के अनुसार नोट में पत्नी तथा एक अन्य व्यक्ति के व्यवहार से आहत होने की बात भी लिखी गई है। साथ ही, “मेरी मौत का जिम्मेदार मैं स्वयं हूं, कोई अन्य नहीं” जैसी बात भी दर्ज होने की जानकारी मिली है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुसाइड नोट की सामग्री की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
परिजनों की शिकायत पर जांच तेज
मृतक के परिजनों ने न्यामति पुलिस थाने में उनकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सुसाइड नोट, परिजनों की शिकायत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

