एकतरफा प्रेम संबंध के चलते रची साजिश
तंत्र-मंत्र की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास
कूडलिगी (विजयनगर). विजयनगर जिले के कूडलिगी तालुक के के. दिब्बदहल्ली गांव में विवाह के महज 20 दिन बाद नवविवाहिता की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति ने अपने मित्र और एक किशोरी के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में तंत्र-मंत्र से डरकर गिरने से मौत होने की झूठी कहानी गढ़ी।
मृतका की पहचान अनिता (22) के तौर पर की गई है। मामले में पति मारेश, उसके मित्र पीतांबरी तथा कानून से संघर्षरत एक किशोरी को हिरासत में लिया गया है। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि किशोरी को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मारेश का पिछले चार वर्षों से उक्त किशोरी के साथ प्रेम संबंध था। विवाह के बाद भी संबंध समाप्त नहीं होने पर पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। 10 जुलाई को मारेश पत्नी को करी पत्ता तोडऩे के बहाने खेत में ले गया, जहां उसने अपने मित्र के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने खेत में पहले से नींबू, नारियल, सिंदूर और अन्य वस्तुएं रखकर तंत्र-मंत्र का माहौल बनाया और दावा किया कि पत्नी इन्हें देखकर घबरा गई तथा भागते समय गिरने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

