दोबारा पोस्टमार्टम के लिए बाइक से ले जाते समय हादसा
दावणगेरे। जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तीन महीने पहले दफनाई गई मां का शव दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए उसके बेटों ने कब्र से निकाल लिया। शव को बाइक पर अस्पताल ले जाते समय दुर्घटना हो गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, हरिहर तालुक के आदापुर गांव की ईरम्मा की 29 अप्रेल को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। उनके बेटों मंजुनाथ और वेंकटेश ने मां की मौत पर संदेह जताते हुए 11 लोगों के खिलाफ मलेबेन्नूर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस जांच संतोषजनक नहीं रही। इसी कारण दोनों भाइयों ने शनिवार रात कब्र खोदकर मां का शव बाहर निकाला। उन्होंने शव को बेडशीट में लपेटकर बाइक से दावणगेरे जिला अस्पताल दोबारा पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय शहर के बाहरी क्षेत्र में दुर्घटना हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
मंजुनाथ और वेंकटेश का आरोप है कि उनकी मां की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई और हत्या के मामले को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने न्याय की मांग करते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोबारा पोस्टमार्टम कराने संबंधी निर्णय सक्षम अधिकारियों द्वारा लिया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

