हत्या की आशंका में दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए शव निकाला था
न्यायालय की अनुमति बिना कब्र खोदने पर पुलिस की कार्रवाई
दावणगेरे. मां की मौत को हत्या मानते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए रातोंरात कब्र खोदकर शव निकालने वाले दो बेटों के खिलाफ अब पुलिस ने ही मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना कब्र से शव निकालने के आरोप में मलेबेन्नूर पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। साथ ही शव की पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, हरिहर तालुक के आदापुर गांव की ईरम्मा (58) का 29 अप्रेल को संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया था। मृतका के बेटों मंजुनाथ और वेंकटेश ने अपनी मां की मौत पर संदेह जताते हुए 11 लोगों के खिलाफ मलेबेन्नूर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
जांच से असंतुष्ट होकर उठाया कदम
पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं होने पर दोनों भाइयों ने गत शनिवार रात कब्र खोदकर मां का शव बाहर निकाला। शव को बेडशीट में लपेटकर मोटरसाइकिल से दावणगेरे जिला अस्पताल दोबारा पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान शहर के बाहरी क्षेत्र में सडक़ दुर्घटना होने के बाद यह पूरा मामला सामने आया।
अनुमति के बिना कब्र खोदना बना अपराध
पुलिस ने बताया कि कानून के अनुसार दफनाए गए शव को न्यायालय या सक्षम राजस्व अधिकारी (तहसीलदार) की अनुमति के बिना कब्र से नहीं निकाला जा सकता। इस प्रक्रिया का उल्लंघन करने पर दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अब मामले की आगे की जांच कानूनी प्रावधानों के अनुसार की जा रही है, जबकि मृतका की मौत के कारणों की जांच भी जारी रहेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

