स्मारक सिक्के खरीदने के नाम पर साइबर ठगों ने मांगी रकम, समय रहते खुली ठगी की पोल
कापू (उडुपी)। आजादी का अमृत महोत्सव अंकित विशेष स्मारक सिक्कों की खरीद के नाम पर 50 लाख रुपए देने का लालच देकर साइबर ठगों ने कापू के एक वरिष्ठ नागरिक को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की। हालांकि, परिचितों की समय पर दी गई चेतावनी और उनकी सतर्कता से बड़ी आर्थिक ठगी टल गई।
ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर विशेष सिक्कों की तस्वीरें मंगवाईं और दावा किया कि इनकी बाजार में भारी मांग है। इसके बाद सौदा पूरा कराने के नाम पर पहले 550 रुपए का पंजीकरण शुल्क क्यूआर कोड के जरिए जमा कराया तथा बैंक संबंधी जानकारी और पहचान पत्र की प्रतियां भी हासिल कर लीं।
कुछ देर बाद ठगों ने सरकारी कर जमा कराने के बहाने 2,500 रुपए और भेजने का दबाव बनाया। संदेह होने पर वरिष्ठ नागरिक ने परिचितों से सलाह ली, जिन्होंने इसे साइबर ठगी बताया। जब उन्होंने नकद भुगतान की बात कही तो आरोपी ने इंकार करते हुए केवल ऑनलाइन भुगतान पर जोर दिया। पुलिस में शिकायत की चेतावनी मिलते ही ठग ने फोन काट दिया।
पुलिस के अनुसार कॉल संभवत: बिहार से कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए की गई थी। वरिष्ठ नागरिकों सहित आम लोगों से अपील की गई है कि ऐसे किसी भी लालच में न आएं और ठगी की आशंका होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

