येडकुमेरी-शिरीबागिलु के बीच पटरियों पर मलबा और चट्टानें गिरीं, सैकड़ों यात्री फंसे; बहाली कार्य बारिश से प्रभावित
मेंगलूरु। पश्चिमी घाट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मैसूर रेल मंडल के येडकुमेरी-शिरीबागिलु स्टेशनों के बीच शनिवार देर रात हुए भीषण भूस्खलन ने रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित कर दिया। भारी मात्रा में मिट्टी और विशाल चट्टानें रेलवे ट्रैक पर आ गिरने से बेंगलूरु, मेंगलूरु और तटीय कर्नाटक को जोडऩे वाले प्रमुख रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) ने सात प्रमुख ट्रेनों के संचालन में बदलाव करते हुए कई सेवाओं को आंशिक रूप से रद्द कर दिया। बेंगलूरु-मुरुडेश्वर, बेंगलूरु-कोझिकोड, विजयपुर-मेंगलूरु तथा बेंगलूरु-कारवार एक्सप्रेस ट्रेनों को बीच मार्ग में ही रोक दिया गया। वहीं मुरुडेश्वर-बेंगलूरु, कोझिकोड-बेंगलूरु और मेंगलूरु-विजयपुर एक्सप्रेस की वापसी सेवाओं में भी व्यापक परिवर्तन किए गए।
ट्रेनों के रद्द और आंशिक संचालन के कारण सैकड़ों यात्री विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर फंस गए। भूस्खलन स्थल पर लगातार वर्षा होने से मलबा हटाने और पटरियों की मरम्मत का कार्य प्रभावित हो रहा है। रेलवे की इंजीनियरिंग टीमें भारी मशीनों के साथ युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटी हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेकर ही प्रस्थान करने की अपील की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

