अटकलों पर विधायक शांतनगौड़ा का विराम
मंत्री पद नहीं मिलने से असंतोष की खबरों का किया खंडन
कांग्रेस नेतृत्व के प्रति जताई पूर्ण निष्ठा
दावणगेरे। दावणगेरे के विधायक डी.जी. शांतनगौड़ा ने मंत्री पद नहीं मिलने से नाराजगी और कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी प्रकार की बैठक नहीं बुलाई है और उनके नाम पर प्रसारित की जा रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
भ्रमित न हों कार्यकर्ता
सोमवार सुबह कुछ समाचार पत्रों और मीडिया माध्यमों में उनके कार्यालय में सुबह 11 बजे कार्यकर्ताओं की बैठक होने की खबरें प्रसारित हुई थीं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शांतनगौड़ा ने कहा कि “मैंने किसी भी बैठक का आह्वान नहीं किया है। कार्यकर्ता और समर्थक ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें तथा किसी भी बैठक में आने की आवश्यकता नहीं है।
कांग्रेस नेतृत्व के हर निर्णय के साथ हूं
विधायक डी.जी. शांतनगौड़ा ने कहा कि “मैं कांग्रेस का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। पार्टी के खिलाफ किसी भी गतिविधि में शामिल होने का प्रश्न ही नहीं उठता। राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के हर निर्णय का सम्मान करता हूं और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ पार्टी के साथ खड़ा रहूंगा।
हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कुछ विधायकों की नाराजगी की चर्चाओं के बीच शांतनगौड़ा का नाम भी सामने आया था। हालांकि विधायक ने स्वयं सामने आकर इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए समर्थकों और जनता से केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

