रेल मंत्री से मिले सांसद कागेरी
नई रेल लाइन को उत्तर कन्नड़ और मलेनाडु के विकास की जीवनरेखा बताया
रेल मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का दिया भरोसा
सिरसी। उत्तर कन्नड़ के सांसद विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर बहुप्रतीक्षित तालगुप्पा-सिरसी-हुब्बल्ली नई रेल लाइन परियोजना को शीघ्र मंजूरी देकर इसके कार्यान्वयन में तेजी लाने की मांग की।
सांसद कागेरी ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश तत्काल संबंधित अधिकारियों को दिए जाएं तथा रेलवे बोर्ड से जल्द अंतिम स्वीकृति दिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि यह रेल मार्ग उत्तर कन्नड़ और मलेनाडु क्षेत्र के लिए विकास की नई धुरी साबित होगा। इससे व्यापार, पर्यटन, उद्योग और परिवहन संपर्क को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।
सांसद की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने परियोजना के महत्व को स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि इससे संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र आगे बढ़ाते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रेल मंत्री के आश्वासन से क्षेत्र के लोगों में लंबे समय से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के जल्द साकार होने की उम्मीद जगी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

