बल्लारी रेलवे स्टेशन पर लावारिस ट्रॉली बैग से 14.92 लाख रुपए का मादक पदार्थ जब्त
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
हुब्बल्ली। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त कार्रवाई में बल्लारी रेलवे स्टेशन पर अमरावती एक्सप्रेस से 29.845 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 14.92 लाख रुपए बताई गई है।
लावारिस बैग में मिला गांजा
दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) के अधिकारियों के अनुसार, शालीमार से वास्को जा रही अमरावती एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18047) की तलाशी के दौरान बल्लारी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सामान्य श्रेणी के डिब्बे में यात्री सीट के नीचे दो लावारिस ट्रॉली बैग मिले। बैग खोलने पर उनमें अलग-अलग पैकेटों में रखा सूखा गांजा बरामद हुआ।
अज्ञात आरोपितों की तलाश
इस संबंध में बल्लारी जीआरपी थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गांजा किसने रखा और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

