बच्चों से बुजुर्गों तक दहशत में लोग; चार वर्षीय बच्चे पर हमला
नागरिकों ने पंचायत से कार्रवाई की मांग की
विजयपुर। देवरहिप्परगी कस्बे के कई वार्डों में आवारा श्वानों की संख्या लगातार बढऩे से बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित आम लोगों में भय का माहौल है। रात होते ही झुंड में घूमने वाले श्वान राहगीरों पर भौंकते हुए पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे लोगों का अकेले घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
इंडी रोड स्थित कल्मेश्वर नगर, पुराने इंगलगि रोड की बस्तियों और कमतगी अस्पताल के पीछे समेत कई इलाकों में आवारा श्वानों की संख्या अधिक है। रात के समय अकेले आने-जाने वाले लोगों को विशेष परेशानी होती है। कई लोग अपने परिजनों को फोन कर उन्हें रास्ते से साथ ले जाने के लिए बुलाने को मजबूर हैं। बुजुर्ग सुबह की सैर पर जाने से भी डर रहे हैं।
‘श्वान के काटने पर खर्च हुए 30 हजार’
चिकित्सक आर.आर. नायक ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी पत्नी के साथ सैर से लौट रहे थे। इंडी रोड पर अचानक एक श्वान ने उन पर हमला कर दिया और काट लिया। श्वान पालतू था या आवारा, यह पता नहीं चल सका। उपचार पर करीब 30 हजार रुपए खर्च हुए।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष कस्बे में एक विद्यार्थी की पागल श्वान के काटने से मौत की घटना के बाद उन्होंने इस बार बेहद सावधानी बरतते हुए उपचार कराया।
चार वर्षीय बच्चे पर हमला
इंडी रोड निवासी उमेश हलपाणी का आरोप है कि पिछले वर्ष पंचायत ने आवारा श्वानों को पकडक़र दूसरी जगह ले जाया गया था। बाद में उन्हें टीका लगाकर फिर यहीं छोड़ दिया गया, जिसके बाद उनकी संख्या दोबारा बढ़ गई।
आवारा श्वानोंं के बच्चों पर हमले की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। दो दिन पहले वार्ड नंबर 11 में भवानी कपड़ा दुकान के पास खेल रहे चार वर्षीय ईरन्नवर पर श्वान ने हमला कर उसे कई जगह काटकर घायल कर दिया। संयोग से उसी समय वहां पहुंची एक महिला ने बच्चे को बचाया। बच्चे का उपचार जारी है।
‘पालतू हैं तो मालिक जिम्मेदारी निभाएं’
स्थानीय नागरिक कपिल पटेल, महेश अल्लगी, ईरन्ना ईरन्नवर और राघवेंद्र गंजीयाल ने मांग की कि यदि श्वान पालतू हैं तो उनके मालिक यह सुनिश्चित करें कि वे दूसरों पर हमला न करें। यदि वे आवारा हैं तो नगर पंचायत को उन्हें पकडक़र सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई करनी चाहिए।
नई योजना बनाने का आश्वासन
देवरहिप्परगी नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रमेश मसबिनाल ने कहा कि श्वानों के काटने से नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई योजना तैयार की जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

