समुद्र तटों तक पहुंचने वाली 19 सडक़ें जर्जर
25 किमी तटीय मार्ग के विकास की मांग
कापू (उडुपी)। उडुपी जिले में पर्यटन की दृष्टि से कापू का विशेष स्थान है। ब्लू फ्लैग मान्यता प्राप्त पाडुबिद्री बीच सहित कई सुंदर समुद्र तट, आकर्षक लाइटहाउस, रिसॉर्ट, होम स्टे और धार्मिक स्थल हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। सप्ताहांत और छुट्टियों में यहां पर्यटकों की संख्या और बढ़ जाती है। लेकिन पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के बावजूद समुद्र तटों तक पहुंचने वाली सडक़ें बदहाल होने से विकास प्रभावित हो रहा है।
हेजमाड़ी कोडी, पडुबिद्री ब्लू फ्लैग बीच, एर्मालु, उच्छिल, मूलूरु, कापू लाइटहाउस, यार्ड बीच, कटपाड़ी मट्टू और पडुकेरे बीच प्रमुख आकर्षण हैं। क्षेत्र में 100 से अधिक रिसॉर्ट और सैकड़ों होम स्टे संचालित हो रहे हैं।
19 संपर्क सडक़ें जर्जर
पडुबिद्री से कटपाड़ी तक राष्ट्रीय राजमार्ग से समुद्र तटों को जोडऩे वाली 19 सडक़ें खराब स्थिति में हैं। कई सडक़ें संकरी हैं और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सडक़ पर पानी जमा रहता है और रात में दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
हेजमाड़ी से कटपाड़ी मट्टू होते हुए पडुकेरे तक करीब 25 किलोमीटर लंबी तटीय सडक़ मछुआरों और पर्यटकों दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। लेकिन दशकों से इसका अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। कई स्थानों पर दो वाहनों का एक साथ गुजरना भी मुश्किल है।
बुनियादी सुविधाओं की जरूरत
स्थानीय लोगों ने तटीय सडक़ के चौड़ीकरण, डामरीकरण अथवा आवश्यक स्थानों पर कंक्रीट सडक़, नालियों, स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, सुरक्षा दीवार और संकेतक लगाने की मांग की है। पर्यटकों के वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्किंग सुविधा विकसित करने की जरूरत भी जताई गई है।
सडक़ें दुरुस्त करनी होंगी
पर्यटन विकास के लिए सबसे पहले सडक़ें दुरुस्त करनी होंगी। मल्पे से हेजमाड़ी तक सडक़ को दोनों ओर 12.50 मीटर तक चौड़ा किया जाना चाहिए।
–मनोहर एस. शेट्टी कापू, अध्यक्ष, एसोसिएशन ऑफ कोस्टल टूरिज्म, उडुपी
सरकार को भेजा सडक़ के विकास का प्रस्ताव
पडुबिद्री से पडुकेरे तक तटीय सडक़ के विकास का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। यह पर्यटन के साथ मछुआरों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
–गुर्मे सुरेश शेट्टी, विधायक, कापू
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

